मुजफ्फरनगर: राजस्थान की ऐतिहासिक नगरी टोंक में आयोजित 20वें अंतर्राष्ट्रीय कला पर्व ‘क्रेयान्स 2026’ में उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर का नाम एक बार फिर राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर रोशन हुआ है। वर्तमान में हरिओम सरस्वती महाविद्यालय, धनौरी में कार्यरत कला आचार्य श्री अमित कुमार को भारतीय समसामयिक कला के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट योगदान और निरंतर सृजनशीलता के लिए ‘राष्ट्रीय युवा कला रत्न सम्मान 2026’ से नवाजा गया है।
अंतर्राष्ट्रीय मंच पर 250 से अधिक कलाकारों का महाकुंभ
यह तीन दिवसीय भव्य कलापर्व 2 अक्टूबर से 4 अक्टूबर 2026 तक आयोजित किया गया। अंतरंग कला एवं एजुकेशन वेलफेयर सोसाइटी (टोंक) तथा राजस्थान ललित कला अकादमी (जयपुर) के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित इस समारोह में देश के विभिन्न राज्यों के साथ-साथ नेपाल और रूस से आए 250 से अधिक दिग्गज एवं युवा कलाकारों ने हिस्सा लिया।
इस महोत्सव का मुख्य उद्देश्य विभिन्न संस्कृतियों, कला विधाओं और अनुभवों के आदान-प्रदान के लिए कलाकारों को एक साझा मंच प्रदान करना था। तीन दिनों तक चले इस पर्व में चित्रकला, मूर्तिकला सहित विभिन्न कला शैलियों की जीवंत प्रस्तुतियां देखने को मिलीं।

मंच पर वरिष्ठ हस्तियों ने किया सम्मानित
समारोह के दौरान आयोजित सम्मान समारोह में महाराजा सूरजमल बृज विश्वविद्यालय (भरतपुर) के कुलगुरु डॉ. मदन सिंह राठौर, नेपाल से आए वरिष्ठ कलाकार डॉ. राणा, टोंक के विधायक श्री अजीत सिंह मेहता एवं अन्य मंचासीन अतिथियों ने श्री अमित कुमार को प्रशस्ति पत्र, पदक और स्मृति चिन्ह भेंट कर इस प्रतिष्ठित सम्मान से अलंकृत किया।
सम्मान पत्र में विशेष रूप से उल्लेख किया गया कि अमित कुमार को एक उभरते युवा चित्रकार के रूप में समसामयिक भारतीय कला में उनके विशिष्ट योगदान के लिए यह सम्मान प्रदान किया जा रहा है।
महाविद्यालय और प्रदेश में खुशी की लहर
अंतर्राष्ट्रीय कला मंच पर मिली इस ऐतिहासिक उपलब्धि से हरिओम सरस्वती महाविद्यालय (धनौरी), मुजफ्फरनगर तथा पूरे प्रदेश के कला जगत में हर्ष की लहर है। इस अवसर पर महाविद्यालय प्रबंध समिति, प्राचार्य, समस्त शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने कला आचार्य अमित कुमार को शुभकामनाएं प्रेषित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।




