Home » मुजफ्फरनगर » सगी मौसी ने ही एक लाख में बेच डाला! बिहार की 17 साल की किशोरी मुजफ्फरनगर से बरामद, ‘चाइल्ड लाइन’ के एक्शन से बची जान

सगी मौसी ने ही एक लाख में बेच डाला! बिहार की 17 साल की किशोरी मुजफ्फरनगर से बरामद, ‘चाइल्ड लाइन’ के एक्शन से बची जान

Facebook
X
WhatsApp

मुजफ्फरनगर: रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला एक ऐसा सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसे सुनकर किसी की भी रूह कांप जाए। बिहार से लाकर उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में एक 17 वर्षीय नाबालिग किशोरी को एक लाख में बेचने और उसकी जबरन अवैध शादी कराने का भंडाफोड़ हुआ है। इस घिनौने खेल का पर्दाफाश तब हुआ, जब ‘चाइल्ड लाइन’ की टीम ने तत्परता दिखाते हुए किशोरी को मंसूरपुर थाना क्षेत्र के गांव संधावली से सकुशल बरामद कर लिया। दिल दहला देने वाली बात यह है कि इस सौदेबाजी के पीछे किसी और का नहीं, बल्कि किशोरी की अपनी सगी मौसी का नाम सामने आ रहा है। फिलहाल, किशोरी बाल कल्याण समिति (CWC) की सुरक्षित कस्टडी में है।

देहरादून से बुना गया साजिश का जाल:

मिली जानकारी के मुताबिक, पीड़ित किशोरी मूल रूप से बिहार के सहरसा जिले की रहने वाली है। उसका गरीब परिवार रोजी-रोटी की तलाश में उत्तराखंड के देहरादून में मजदूरी करने गया था। इसी दौरान किशोरी की मां की तबीयत बिगड़ गई, जिसके चलते किशोरी को उसके पिता ने उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया और किशोरी को उसकी मौसी के पास भेज दिया। मौसी ने चंद रुपयों के लालच में आकर ममता और सगे रिश्तों का कत्ल कर दिया। आरोप है कि मौसी ने ही नाबालिग को मुजफ्फरनगर के मंसूरपुर थाना क्षेत्र के गांव संधावली निवासी एक युवक को एक लाख में बेच दिया। सौदा पक्का होने के बाद आरोपी युवक ने किशोरी के साथ अवैध तरीके से जबरन शादी कर ली और उसे बंधक बनाकर रखने लगा।

एक गुप्त फोन कॉल और ‘चाइल्ड लाइन’ का बड़ा एक्शन:

इस घिनौने अपराध का अंत तब हुआ जब ‘चाइल्ड लाइन’ को इस संबंध में एक गुप्त सूचना (कॉल) मिली। सूचना मिलते ही चाइल्ड लाइन की टीम एक्टिव मोड में आ गई। टीम ने स्थानीय स्तर पर छापेमारी कर संधावली गांव से किशोरी को तस्करों के चंगुल से मुक्त कराया और बाल कल्याण समिति के समक्ष पेश किया।

फिलहाल किशोरी हमारी कस्टडी में पूरी तरह सुरक्षित है। उसके माता-पिता और परिजनों को देहरादून से बुला लिया गया है। किशोरी से विस्तार से पूछताछ की जा रही है और उसकी काउंसिलिंग जारी है। पूछताछ और बयानों के आधार पर आगे की सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। — रीना देवी, चेयरपर्सन, बाल कल्याण समिति (CWC)

पुलिस का क्या है कहना?

इस पूरे मामले पर मंसूरपुर थाना प्रभारी (SHO) निरीक्षक विपिन त्यागी ने बताया कि अभी तक यह मामला पूरी तरह से बाल कल्याण समिति और चाइल्ड लाइन के स्तर पर है। चाइल्ड लाइन की टीम ने किशोरी को बरामद किया है। थाना प्रभारी ने स्पष्ट किया कि पुलिस को अभी तक इस मामले में बाल कल्याण समिति या पीड़िता के परिजनों की तरफ से कोई लिखित तहरीर (शिकायत) प्राप्त नहीं हुई है। जैसे ही पुलिस को लिखित तहरीर मिलती है, तुरंत सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ नियम अनुसार कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

उठ रहे हैं कई गंभीर सवाल:

इस घटना ने मानव तस्करी (Human Trafficking) के उस काले नेटवर्क को एक बार फिर उजागर कर दिया है, जो गरीब परिवारों की बच्चियों को निशाना बनाता है। अब देखना यह है कि बाल कल्याण समिति की जांच के बाद मुजफ्फरनगर पुलिस इस मामले में शामिल मुख्य आरोपी युवक और लड़की को बेचने वाली कलयुगी मौसी के खिलाफ कितनी जल्दी और कितनी सख्त कार्रवाई करती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest News

Gold and Silver price

Share Market