Home » मुजफ्फरनगर » कोल्डड्रिंक मांगकर पिस्टल तानने वाले तीन लुटेरे दबोचे, एक के पैर में लगी गोली!

कोल्डड्रिंक मांगकर पिस्टल तानने वाले तीन लुटेरे दबोचे, एक के पैर में लगी गोली!

Facebook
X
WhatsApp

मुजफ्फरनगर: जनपद की कोतवाली नगर पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर गनपॉइंट पर लूट करने वाले एक शातिर गिरोह का न सिर्फ खेल बिगाड़ दिया, बल्कि एक दुस्साहसिक मुठभेड़ के बाद तीनों शातिर बदमाशों को बेदम कर दिया। पुलिस की घेराबंदी देख पकड़े जाने के डर से बदमाशों ने पुलिस टीम पर सीधा फायर झोंक दिया था। इसके बाद पुलिस ने भी ‘जैसे को तैसा’ वाले अंदाज में आत्मरक्षार्थ जवाबी फायरिंग की, जिसमें पैर में गोली लगने से एक बदमाश वहीं घायल होकर गिर गया, जबकि बाकी दो को पुलिस ने जंगल में दौड़ाकर दबोच लिया।

कोल्डड्रिंक मांगने के बहाने आए और तान दी पिस्टल:

इस सनसनीखेज वारदात की शुरुआत 15 मई 2026 को हुई थी। कछौली के रहने वाले संजीव कुमार अपनी दुकान पर थे, तभी दो शातिर युवक वहां आए और बड़े आराम से कोल्डड्रिंक मांगी। संजीव जैसे ही कोल्डड्रिंक लेने के लिए मुड़े, बदमाशों ने पलक झपकते ही गल्ले में रखे कैश और संजीव का मोबाइल साफ कर दिया। संजीव ने जब इसका विरोध किया तो बदमाशों ने सीधे उन पर पिस्टल तान दी और जान से मारने की धमकी देते हुए, सड़क के दूसरी पार खड़े अपने तीसरे साथी की स्प्लेंडर बाइक पर बैठकर रफूचक्कर हो गए। पुलिस ने तहरीर मिलते ही केस दर्ज किया और लुटेरों के पीछे टीमें लगा दीं।

घेराबंदी देख पुलिस पर दागी गोलियां, बाइक फिसलते ही भागे जंगल की तरफ:

दिनांक 21 मई 2026 को कोतवाली नगर पुलिस की टीम दीदाहेड़ी-कल्लरपुर चौराहे पर मुस्तैदी से चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बिना नंबर की एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल आती दिखाई दी। पुलिस ने जब बाइक सवारों को रुकने का इशारा किया, तो उन्होंने रुकने के बजाय बाइक की रफ्तार बढ़ा दी और कल्लरपुर की तरफ भागने लगे।

दहशत का लाइव सीन: पुलिस टीम ने बिना वक्त गंवाए बदमाशों का पीछा किया। कुछ ही दूरी पर तेज रफ्तार होने के कारण बदमाशों की बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर फिसल गई। खुद को चारों तरफ से घिरता देख तीनों बदमाश बाइक को मौके पर ही छोड़कर पास के जंगल की तरफ भागे और पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। बदमाशों की गोलियों से पुलिसकर्मी बाल-बाल बचे। पुलिस ने लाउडस्पीकर से उन्हें आत्मसमर्पण की आखिरी चेतावनी दी, लेकिन जब बदमाशों पर इसका कोई असर नहीं हुआ, तो पुलिस टीम ने बदमाशों की फायरिंग रेंज में घुसकर सटीक जवाबी फायरिंग की।

मुठभेड़ का नतीजा: एक हुआ घायल, दो को कॉम्बिंग में दबोचा

पुलिस की इस साहसिक कार्रवाई में फरमान पुत्र अय्यूब (निवासी सल्फा, थाना कांधला, जनपद शामली) पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जिसे तुरंत इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, जंगल में कॉम्बिंग के दौरान पुलिस ने उसके बाकी दो साथियों, सोनू पुत्र सत्यपाल (निवासी लिसाड, थाना कोतवालीनगर, जनपद शामली) और सुऐब पुत्र साबिर (निवासी बल्वा, थाना कोतवाली नगर, जनपद शामली) को भी घेराबंदी कर धर दबोचा।

बरामदगी का ब्योरा: पुलिस ने पकड़े गए इन बदमाशों के कब्जे से संजीव कुमार की दुकान से लूटा गया रेडमी मोबाइल, ₹2,150 की नकदी, तीन अवैध तमंचे (मय 03 जिंदा व 01 खोखा कारतूस 315 बोर) और वारदात में इस्तेमाल की गई बिना नंबर की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की है।

क्राइम हिस्ट्री: घायल बदमाश फरमान के खिलाफ पहले से ही आर्म्स एक्ट के मामले दर्ज हैं। पुलिस अब इन तीनों के पूरे अपराधिक इतिहास की कुंडली खंगाल रही है कि इन्होंने वेस्ट यूपी में और कहां-कहां इस तरह की वारदातों को अंजाम दिया है।

इन जांबाजों ने किया मिशन फतेह:

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) संजय कुमार वर्मा के पर्यवेक्षण और एसपी सिटी अमृत जैन के कुशल नेतृत्व में इस एनकाउंटर को अंजाम देने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक बृजेश कुमार शर्मा, उप-निरीक्षक मोहित कुमार व शशि कपूर, और कांस्टेबल हेमन्त कुमार, राहुल नागर, राहुल कुमार, अश्वनी कुमार, रहीस आजम व अशोक राणा शामिल रहे। मुजफ्फरनगर पुलिस के इस क्विक एक्शन की इलाके में जमकर सराहना हो रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest News

Gold and Silver price

Share Market