देहरादून/मुजफ्फरनगर: शिक्षा के क्षेत्र में अपनी उत्कृष्ट पहचान रखने वाले प्रतिष्ठित संस्थान ‘द एशियन स्कूल, देहरादून’ की होनहार छात्रा आदृति गुप्ता ने शैक्षणिक सत्र 2025–26 में अपनी मेधा का शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रतिष्ठित ‘गवर्नर अवॉर्ड’ (Governor’s Award) अपने नाम किया है। आदृति ने इस असाधारण उपलब्धि से न केवल अपने विद्यालय, बल्कि अपने परिवार और पूरे शहर का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है।

एडवोकेट विनोद गुप्ता के परिवार में जश्न का माहौल:
गवर्नर अवॉर्ड जैसी गरिमामयी उपलब्धि हासिल करने वाली आदृति गुप्ता, क्षेत्र के सुप्रसिद्ध व वरिष्ठ एडवोकेट विनोद कुमार गुप्ता की पौत्री (पोती) और वरुण गुप्ता की पुत्री हैं। एडवोकेट विनोद गुप्ता के परिवार की इस लाडली की सफलता की खबर जैसे ही शहर में पहुंची, पूरे परिवार को बधाई देने वालों का तांता लग गया। कानूनी क्षेत्र में प्रतिष्ठित पहचान रखने वाले गुप्ता परिवार में इस अकादमिक सफलता से जश्न का माहौल है।
व्योम गुप्ता ने भी ‘टीचर्स अवॉर्ड’ जीतकर बढ़ाई खुशी:

इस परिवार के लिए यह दोहरी सफलता का क्षण है। जहां एक ओर आदृति गुप्ता ने गवर्नर अवॉर्ड पर कब्जा जमाया, वहीं उनके भाई और इसी विद्यालय में कक्षा 8-A के छात्र व्योम गुप्ता ने भी अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। व्योम को शैक्षणिक सत्र 2025-26 में तीन मुख्य विषयों में शानदार ‘A-2’ ग्रेड हासिल करने के लिए ‘टीचर्स अवॉर्ड’ (Teacher’s Award) से सम्मानित किया गया है। एक ही घर के दो बच्चों की इस कामयाबी ने हर किसी को गर्व करने का अवसर दिया है।
स्कूल प्रबंधन और शिक्षकों ने दी बधाई, उज्ज्वल भविष्य की कामना:

आदृति गुप्ता की इस ऐतिहासिक और गौरवमयी उपलब्धि पर ‘द एशियन स्कूल, देहरादून’ के प्रबंधन, प्रधानाचार्य, समस्त शिक्षकों और सहपाठियों ने उन्हें हार्दिक बधाई दी है। स्कूल प्रशासन ने आदृति और व्योम की सराहना करते हुए कहा कि आदृति गुप्ता एक बेहद प्रतिभावान और अनुशासित छात्रा हैं। गवर्नर अवॉर्ड उनकी कड़ी मेहनत, लगन और बौद्धिक क्षमता का परिणाम है। हमें गर्व है कि हमारे विद्यालय के छात्र हर मंच पर अपनी श्रेष्ठता साबित कर रहे हैं।”
शिक्षकों और शुभचिंतकों ने आदृति गुप्ता को मिठाई खिलाकर उनके इस शानदार सफर की सराहना की और उनके स्वर्णिम व उज्ज्वल भविष्य के लिए ढेर सारी शुभकामनाएं और आशीर्वाद दिया।




