मुजफ्फरनगर: रिश्तों के कत्ल और ‘ऑनर किलिंग’ की एक ऐसी खौफनाक वारदात सामने आई है, जिसने मानवीय संवेदनाओं को झकझोर कर रख दिया है। मुजफ्फरनगर के शाहपुर थाना क्षेत्र के ग्राम आदमपुर में एक कलयुगी भाई ने ‘झूठी शान’ की खातिर अपनी ही सगी बहन को मौत के घाट उतार दिया। प्रेम प्रसंग के शक में भाई इस कदर अंधा हुआ कि उसने ममता और खून के सारे रिश्ते तार-तार कर दिए। इस सनसनीखेज वारदात के बाद से पूरे इलाके में सन्नाटा पसरा हुआ है।

फोन पर बात करने की सनक ने भाई को बनाया कातिल:
पुलिस की शुरुआती जांच में जो सच सामने आया है, वह हैरान करने वाला है। पूछताछ के दौरान यह तथ्य प्रकाश में आया है कि अदीबा किसी युवक से फोन पर बातचीत करती थी। भाई आमिर को उसका यह कदम अपनी तथाकथित ‘पारिवारिक प्रतिष्ठा’ के खिलाफ लगा। इसी प्रेम प्रसंग की रंजिश और गुस्से में आकर उसने अपनी बहन का कत्ल कर डाला।
कमरे के बाहर खड़ी रही मां, अंदर चीख भी न सकी बहन:
दिल दहला देने वाली यह वारदात रविवार दोपहर लगभग साढ़े 10 बजे की है। 21 वर्षीय अदीबा अपने पिता शकील उर्फ वीर कुरैशी के नौ भाई-बहनों में से एक थी। अदीबा का सबसे बड़ा भाई आमिर, जो गांव-गांव जाकर कपड़ों की फेरी लगाता था, वह अदीबा से बुरी तरह नाराज था।वारदात के वक्त अदीबा के पिता पशुओं को चराने के लिए घर से बाहर गए हुए थे। घर में अदीबा, उसकी मां और अन्य छोटे भाई-बहन मौजूद थे। आमिर अपनी बहन अदीबा को ‘समझाने’ और बात करने के बहाने घर के एक कमरे के भीतर ले गया। कमरे का दरवाजा बंद था और बाहर मां खड़ी थी। किसे पता था कि जो भाई समझाने गया है, वह जल्लाद बन जाएगा। कमरे के अंदर दोनों के बीच तीखी बहस हुई और देखते ही देखते आमिर ने चाकू निकालकर अदीबा का गला रेत दिया। वारदात को अंजाम देकर आरोपी भाई मौके से फरार हो गया।

मौके पर पहुंचे एसएसपी, मां का रो-रोकर बुरा हाल
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) संजय कुमार वर्मा, एसपी ग्रामीण अक्षय संजय महाडीक और क्षेत्राधिकारी बुढाना गेजन्द्र पाल सिंह भारी पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। एसएसपी ने खुद घटनास्थल का मुआयना किया। उन्होंने मृतका की बदहवास और रोती-बिलखती मां से बात कर पूरी घटना की जानकारी ली। मौके पर बुलाई गई फॉरेन्सिक टीम ने घटनास्थल से खून के नमूने और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए, जिसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस टीमों का गठन, जल्द सलाखों के पीछे होगा आरोपी
थाना शाहपुर पुलिस ने इस मामले में हत्या की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। एसएसपी के निर्देश पर फरार आरोपी आमिर की धरपकड़ के लिए पुलिस की कई विशेष टीमों का गठन किया गया है, जो उसके संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं। एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने कहा कि आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल गांव में एहतियातन पुलिस बल तैनात है और कानून-व्यवस्था पूरी तरह सामान्य है।




