Home » अपराध » होटल-रेस्टोरेंट रेटिंग का झांसा देकर महिला से 63 हजार की साइबर ठगी, तीन किस्तों में ऐंठी रकम

होटल-रेस्टोरेंट रेटिंग का झांसा देकर महिला से 63 हजार की साइबर ठगी, तीन किस्तों में ऐंठी रकम

Facebook
X
WhatsApp

मुजफ्फरनगर: टेलीग्राम के माध्यम से होटल और रेस्टोरेंट को फर्जी रेटिंग एवं फीडबैक देकर घर बैठे कमाई का लालच देकर साइबर ठगों ने एक महिला से 63 हजार रुपये की ठगी कर ली। ठगों ने शुरुआत में कुछ रकम देकर विश्वास में लिया और बाद में पेड टास्क के नाम पर तीन किश्तों में रकम जमा कराकर पूरा पैसा हड़प लिया। पीड़िता ने राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराने के साथ ही सिविल लाइन थाने में तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।

टेलीग्राम पर आया कमाई का प्रस्ताव:

मल्हूपुरा निवासी फिरदोस कोसर त्यागी पत्नी इमरान अली ने सिविल लाइन थाना प्रभारी को दी गई तहरीर में बताया कि 29 मई 2026 को टेलीग्राम पर Bhaskar Pal नाम की आईडी से उन्हें संदेश प्राप्त हुए। संदेश में दावा किया गया कि होटल और रेस्टोरेंट को फर्जी रेटिंग और फीडबैक देकर आसानी से पैसे कमाए जा सकते हैं। शुरुआत में ठगों ने उन्हें कुछ सामान्य टास्क दिए और Suman Nayak नाम की टेलीग्राम आईडी के माध्यम से भुगतान का लेन-देन कराया। शुरुआती चरण में प्रत्येक तीन टास्क पर 150 रुपये के हिसाब से करीब दो हजार रुपये का भुगतान भी किया गया, जिससे पीड़िता को विश्वास हो गया।

पेड टास्क के नाम पर तीन किश्तों में वसूले रुपये:

इसके बाद Taniya Patel नाम की आईडी से संपर्क कर उन्हें पेड टास्क करने के लिए कहा गया। इस दौरान उन्हें एक संदिग्ध वेबसाइट 356.com पर रकम जमा कराने के लिए प्रेरित किया गया। पीड़िता के अनुसार ठगों ने उनसे तीन अलग-अलग किश्तों में 12 हजार, 25 हजार और 26 हज़ार रुपये जमा करा लिए। इस प्रकार कुल 63 हजार रुपये की ठगी कर ली गई। भुगतान फोन–पे के माध्यम से किया गया।

रकम वापस नहीं मिलने पर हुआ धोखाधड़ी का अहसास

जब जमा की गई रकम वापस नहीं मिली और कथित टास्क के बदले भुगतान भी बंद हो गया, तब महिला को अपने साथ साइबर ठगी होने का एहसास हुआ। इसके बाद उन्होंने राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल और हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराई।

सिविल लाइन थाने में दी तहरीर:

13 जून 2026 को महिला ने सिविल लाइन थाने में लिखित तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई तथा ठगी गई रकम की बरामदगी की मांग की है।

ऐसे जाल में फंसाते हैं साइबर ठग:

  • शुरुआत में छोटे-छोटे टास्क देकर कुछ रुपये भेजते हैं।
  • पीड़ित का विश्वास जीतने के बाद पेड टास्क का लालच देते हैं।
  • अधिक कमाई का झांसा देकर अलग-अलग किश्तों में रकम जमा कराते हैं।
  • संदिग्ध वेबसाइट या ऐप के जरिए नकली बैलेंस दिखाया जाता है।
  • पैसा निकालने की कोशिश करने पर अतिरिक्त रकम जमा कराने की मांग की जाती है।

ठगी का शिकार होने पर क्या करें:

  • तुरंत 1930 हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराएं।
  • राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर ऑनलाइन शिकायत करें।
  • बैंक खाते और यूपीआई ट्रांजेक्शन की जानकारी सुरक्षित रखें।
  • स्क्रीनशॉट, चैट और भुगतान संबंधी सभी दस्तावेज संभालकर रखें।
  • नजदीकी थाने में तहरीर देकर एफआईआर दर्ज कराएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest News

Gold and Silver price

Share Market