मुजफ्फरनगर: जिला पूर्ति विभाग में भ्रष्टाचार और सांठगांठ का एक बड़ा मामला गरमाता नजर आ रहा है। लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) ने विभाग के अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी (DM) के नाम नगर मजिस्ट्रेट पंकज प्रकाश राठौर को एक ज्ञापन सौंपा है। लोजपा का आरोप है कि रथेड़ी गांव के एक राशन डीलर को बचाने के लिए पूर्ति विभाग के अधिकारियों ने बिना मौके पर जाए ही दफ्तर में बैठकर एक झूठी और मनगढ़ंत जांच रिपोर्ट तैयार कर मामला रफा-दफा कर दिया।

क्या है पूरा मामला?
लोजपा (रामविलास) के प्रदेश संगठन मंत्री अमित कुमार गौतम के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया। सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया है कि सदर ब्लॉक क्षेत्र के ग्राम रथेड़ी के राशन डीलर अनिल कुमार गर्ग के खिलाफ पूर्व में भी मुख्यमंत्री पोर्टल (आईजीआरएस) और जिलाधिकारी के समक्ष गंभीर शिकायतें दर्ज कराई गई थीं।
आरोप है कि पूर्ति विभाग के अधिकारियों ने राशन डीलर से मोटी सांठगांठ की और धरातल पर बिना किसी सच्चाई को जाने, डीलर के पक्ष में एक फर्जी क्लोजर रिपोर्ट (जांच रिपोर्ट) प्रेषित कर मामले को बंद कर दिया।
“डीलर खुद वीडियो में कबूल रहा सच, फिर भी अधिकारी बने अनजान”
लोजपा नेता अमित कुमार गौतम ने बड़ा खुलासा करते हुए बताया कि राशन डीलर अनिल कुमार गर्ग का एक वीडियो सामने आया है। इस वीडियो में डीलर खुद यह स्वीकार कर रहा है कि उसकी दुकान में दो कांटे (तौल मशीनें) हैं और दुकान के बाहर नियम के मुताबिक कोई सूचना बोर्ड भी नहीं लगाया गया है।
लोजपा का सवाल है कि जब डीलर खुद अपनी कमियां वीडियो में कबूल कर रहा है, तो पूर्ति विभाग के अधिकारियों को वह नजर क्यों नहीं आईं? अधिकारियों ने न तो मौके का मुआयना किया और न ही पीड़ित ग्रामीणों के बयान दर्ज किए।
चिराग पासवान और केंद्रीय मंत्री तक पहुंचा मामला:
मामले की गंभीरता को देखते हुए लोजपा (रामविलास) ने इस पूरे प्रकरण की प्रतिलिपि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान और केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण एवं उद्योग मंत्री (भारत सरकार) को भी भेजी है। लोजपा नेताओं का कहना है कि गरीब जनता के हक का राशन मारने वाले और उन्हें बचाने वाले अफसरों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
लोजपा की प्रमुख मांगें:
- ग्राम रथेड़ी के राशन डीलर अनिल कुमार गर्ग के खिलाफ ADM स्तर के अधिकारी से निष्पक्ष जांच कराई जाए।
- राशन डीलर को क्लीन चिट देने वाले पूर्ति विभाग के अधिकारियों के खिलाफ कठोरतम दंडात्मक कार्रवाई हो।
- अधिकारियों द्वारा पहले प्रेषित की गई ‘फर्जी’ जांच रिपोर्ट की भी स्क्रूटनी (पुनः जांच) की जाए।
ज्ञापन देने वालों में ये रहे मुख्य रूप से शामिल:
इस दौरान जिलाधिकारी कार्यालय पर लोजपा कार्यकर्ताओं का भारी हुजूम देखने को मिला। ज्ञापन सौंपने वालों में मुख्य रूप से अमित कुमार गौतम (प्रदेश संगठन मंत्री), अमन बंसल (प्रदेश उपाध्यक्ष, युवा प्रकोष्ठ), महराब खान (प्रदेश उपाध्यक्ष, सांस्कृतिक प्रकोष्ठ), प्रवीण शर्मा (सहारनपुर मंडल उपाध्यक्ष), मनोज अग्रवाल (जिला अध्यक्ष), दिलावर गौतम (जिला प्रधान महासचिव), हबीब त्यागी (चरथावल विधानसभा अध्यक्ष) के साथ ही मुकेश कुमार पाल, रचित गोयल, संजय भारती एडवोकेट, महिला प्रकोष्ठ की जिला अध्यक्ष नीतू चौधरी, मुनेश देवी, रिहाना, मोमिना और फरहाना सहित भारी संख्या में कार्यकर्ता व ग्रामीण मौजूद रहे।




