मुजफ्फरनगर: जनपद के खतौली इलाके में पुलिस ने एक दुस्साहसिक वारदात का सनसनीखेज खुलासा किया है। करीब एक सप्ताह पहले किसान और उसके बेटे को बंधक बनाकर गनपॉइंट पर दुधारू पशु लूटने वाले अंतर-जनपदीय गिरोह के साथ पुलिस की मुठभेड़ हो गई। रामनगर तिराहे के पास हुई इस क्रास फायरिंग में एक शातिर लुटेरा पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जिसे पुलिस ने दबोच लिया। हालांकि, उसका एक अन्य साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार होने में कामयाब रहा।
पुलिस ने पकड़े गए बदमाश के पास से लूट की भैंसें बेचकर कमाए गए करीब एक लाख रुपये की नकदी, वारदात में इस्तेमाल की गई पिकअप गाड़ी और अवैध असलहा बरामद किया है।

चेकिंग के दौरान पुलिस पर झोंका फायर:
क्षेत्राधिकारी रूपाली राय चौधरी ने बताया कि खतौली पुलिस रामनगर तिराहे के पास संदिग्ध वाहनों की धरपकड़ के लिए चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली कि रसूलपुर कैलोरा गांव में हुई पशु लूट की वारदात में शामिल बदमाश उसी पिकअप गाड़ी के साथ किसी अन्य घटना को अंजाम देने के लिए इलाके में रेकी कर रहे हैं।
कुछ ही देर में पुलिस को एक संदिग्ध पिकअप आती दिखी। जब टीम ने टॉर्च की रोशनी दिखाकर उसे रुकने का इशारा किया, तो चालकों ने गाड़ी की रफ्तार बढ़ा दी। खुद को घिरता देख बदमाश गाड़ी छोड़कर जंगल की तरफ भागे और पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की, जिसमें मेरठ निवासी उस्मान गोली लगने से घायल होकर गिर पड़ा, जबकि उसका साथी फैजान भाग निकला।
बंधक बनाकर की गई थी लूटपाट:
पूछताछ में सामने आया कि बीती 11 जून की रात को रसूलपुर कैलोरा के रहने वाले सुखपाल और उनके बेटे को बदमाशों ने उनके ही घेर (पशुशाला) में हथियारों के बल पर बंधक बना लिया था। इसके बाद बदमाश वहां बंधी दो भैंसें और उनके दो बच्चों को गाड़ी में लादकर ले गए थे।
गिरफ्तार आरोपी उस्मान ने कुबूल किया कि उसने लूटी गई एक भैंस और उसके बच्चे को पशु बाजार (पैठ) में 1 लाख 2 हजार रुपये में बेच दिया था। बरामद किए गए 97,500 रुपये उसी बिक्री का हिस्सा हैं, जबकि बाकी रकम उन्होंने खर्च कर दी।
मेरठ और गाजियाबाद में भी दर्ज हैं मुकदमे:
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, पकड़ा गया आरोपी उस्मान एक पेशेवर और शातिर अपराधी है। उस पर मेरठ, गाजियाबाद और मुजफ्फरनगर के अलग-अलग थानों में चोरी, लूट और आर्म्स एक्ट के करीब आठ गंभीर मामले दर्ज हैं। वह एक संगठित गिरोह का हिस्सा है जो वेस्ट यूपी के जिलों में घूम-घूमकर ऐसी वारदातों को अंजाम देता है।
खतौली कोतवाली प्रभारी दिनेश चन्द ने बताया कि घायल बदमाश को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फरार आरोपी फैजान की तलाश में जंगलों और संभावित ठिकानों पर कॉम्बिंग की जा रही है, उसे भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।




