मुजफ्फरनगर: पुरानी दिल्ली के शाहदरा रेलवे स्टेशन पर ट्रेन में चढ़ने को लेकर हुए विवाद में दिल्ली मेट्रो के एक गार्ड की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। वारदात को अंजाम देकर योगा एक्सप्रेस से भाग रहे सभी 8 हत्यारोपियों को मुजफ्फरनगर जीआरपी (राजकीय रेलवे पुलिस) ने मुस्तैदी दिखाते हुए स्थानीय रेलवे स्टेशन पर घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए सभी आरोपियों को दिल्ली जीआरपी के हवाले कर दिया गया है।
ट्रेन में चढ़ने को लेकर हुआ था विवाद:
बागपत जनपद के गांव खेकड़ा निवासी पंकज धामा (पुत्र राजेंद्र धामा) दिल्ली मेट्रो में गार्ड के पद पर तैनात थे। शुक्रवार रात्रि की ड्यूटी खत्म करने के बाद, शनिवार सुबह लगभग 7 बजे वह अपने घर जाने के लिए पुरानी दिल्ली के शाहदरा स्टेशन पहुंचे थे।
स्टेशन पर ट्रेन में चढ़ने को लेकर उनका कुछ युवकों से विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि युवकों ने गार्ड पंकज धामा को पीट-पीटकर अधमरा कर दिया और उन्हें वहीं छोड़कर योगा एक्सप्रेस ट्रेन में बैठकर फरार हो गए। दिल्ली जीआरपी तुरंत गंभीर रूप से घायल गार्ड को अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
यूपी जीआरपी को किया गया था अलर्ट:
हत्या की इस सनसनीखेज वारदात के बाद पुरानी दिल्ली स्टेशन की जीआरपी ने उत्तर प्रदेश की सभी जीआरपी को तुरंत अलर्ट जारी कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कहा था।
मुजफ्फरनगर जीआरपी ने इस तरह दबोचा:
मुजफ्फरनगर जीआरपी थाना प्रभारी कुलदीप शर्मा को जैसे ही इसकी सूचना मिली, उन्होंने ट्रेन के मुजफ्फरनगर स्टेशन पहुंचने से पहले ही पूरी घेराबंदी कर ली। थाना प्रभारी ने योगा एक्सप्रेस में चल रही एस्कॉर्ट टीम से संपर्क साधा और मुजफ्फरनगर स्टेशन आते ही सभी 8 आरोपियों को कस्टडी में ले लिया।पकड़े गए सभी आरोपी न्यू संजय अमर कॉलोनी, विश्वास नगर, शाहदरा (दिल्ली) के निवासी हैं।
आगे की कार्रवाई:
जीआरपी थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के संबंध में दिल्ली जीआरपी को सूचित कर दिया गया था, जिसके बाद दिल्ली से आई पुलिस टीम आरोपियों को कड़ी सुरक्षा में अपने साथ ले गई है। आरोपियों के खिलाफ पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन के जीआरपी थाने में हत्या का मामला दर्ज किया गया है। वहीं, मृतक गार्ड पंकज धामा के शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।




