Home » मुजफ्फरनगर » चार राज्यों की पुलिस को छकाने वाला 25 हजारी ‘हैवान’ मुठभेड़ में लंगड़ा, छोटा राजन गैंग से जुड़े हैं तार!

चार राज्यों की पुलिस को छकाने वाला 25 हजारी ‘हैवान’ मुठभेड़ में लंगड़ा, छोटा राजन गैंग से जुड़े हैं तार!

Facebook
X
WhatsApp
–लुधियाना जेल से फरार होकर यूपी में नाबालिग बच्चियों को बना रहा था शिकार।
–महज 48 घंटे में 1000 से अधिक CCTV खंगालकर दरिंदे को घेरा।

मुजफ्फरनगर: उत्तर प्रदेश की मुजफ्फरनगर पुलिस और स्वाट (SOG) की संयुक्त टीम ने एक बड़े ऑपरेशन में अंतरराज्यीय दुर्दांत अपराधी और ‘हैवान’ किस्म के बदमाश सतपाल उर्फ सत्तू को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से भारी मात्रा में अवैध हथियार, फर्जी दस्तावेज और अपहृत नाबालिग बच्ची के जेवरात बरामद हुए हैं। इस मुठभेड़ में दो पुलिसकर्मी भी गोली लगने से घायल हुए हैं।

वारदात की शुरुआत: ओरा कार से नाबालिग का अपहरण

घटनाक्रम के मुताबिक, दिनांक 19 जून 2026 को एक पीड़ित पिता ने थाना सिविल लाइंस पुलिस को सूचना दी कि एक अज्ञात व्यक्ति उनकी नाबालिग पुत्री का ‘ओरा’ कार से अपहरण कर ले गया है।

मामले की संवेदनशीलता और वीभत्सता को देखते हुए मुजफ्फरनगर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने तुरंत सख्त कदम उठाए। पुलिस ने सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया और आरोपी की तत्काल पहचान व गिरफ्तारी के लिए 10 विशेष टीमों का गठन किया।

मुठभेड़ में घायल होने के बाद जिला अस्पताल में भर्ती बदमाश सतपाल।

डिजिटल सर्विलांस और 48 घंटे का महाअभियान

गठित टीमों ने बिना वक्त गंवाए आरोपी की तलाश शुरू की। पुलिस ने मुजफ्फरनगर और आसपास के इलाकों के 1000 से अधिक सीसीटीवी (CCTV) कैमरों, टोल बूथों और अन्य डिजिटल माध्यमों का बारीकी से विश्लेषण किया। इस सार्थक प्रयास के चलते पुलिस महज 48 घंटों के भीतर आरोपी की पहचान करने और उसकी कार के रूट को ट्रैक करने में कामयाब रही।

बामनहेडी रुड़की रोड पर हुई मुठभेड़

दिनांक 22/23 जून 2026 की रात को थाना सिविल लाइंस पुलिस और एसओजी (SOG) की संयुक्त टीम बामनहेडी रुड़की रोड पर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को एक संदिग्ध ‘ओरा’ कार आती हुई दिखाई दी। पुलिस टीम ने जब कार को रुकने का इशारा किया, तो चालक ने गाड़ी रोकने के बजाय उसकी रफ्तार बढ़ा दी और तेजी से भागने लगा। पुलिस टीम को कार सवार पर बदमाश होने का पक्का शक हो गया, जिसके बाद टीम ने उसका पीछा किया और आगे जाकर उसे चारों तरफ से घेर लिया।

खुद को पुलिस से घिरा देख बदमाश कार से उतरा और पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से अंधाधुंध फायरिंग करते हुए भागने लगा। बदमाश द्वारा की गई इस फायरिंग में दो पुलिसकर्मी गोली लगने से घायल हो गए और पुलिस के वाहन को भी गोली लगी।

मुठभेड़ के दौरान बदमाश ने पुलिस की गाड़ी पर की फायरिंग।

पुलिस की आत्मरक्षार्थ सूक्ष्म व नियंत्रित फायरिंग

बदमाश को लगातार गोलियां बरसाते देख पुलिस टीम ने अदम्य साहस का परिचय दिया। बदमाश की फायरिंग रेंज के भीतर घुसकर पुलिस ने आत्मरक्षार्थ अत्यंत सूक्ष्म और नियंत्रित जवाबी फायरिंग की। पुलिस की एक गोली बदमाश के पैर में लगी, जिससे वह घायल होकर वहीं गिर पड़ा। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घायल अवस्था में उसे दबोच लिया।

चंडीगढ़ का रहने वाला है सतपाल, छोटा राजन गैंग से कनेक्शन

पुलिस पूछताछ और जांच में घायल बदमाश की पहचान सतपाल उर्फ सत्तू पुत्र मुन्नु राम, निवासी- 365 रामदरबार, थाना सेक्टर 32, चंडीगढ़ के रूप में हुई।जब पुलिस ने सतपाल के आपराधिक इतिहास की फाइल खोली, तो चौंकाने वाले खुलासे हुए:

  • दो दर्जन से अधिक मुकदमे: सतपाल एक शातिर और दुर्दांत अपराधी है, जिसके खिलाफ विभिन्न राज्यों में हत्या, लूट, रंगदारी, डकैती और दुष्कर्म जैसे करीब 24 से अधिक गंभीर मामले दर्ज हैं।
  • छोटा राजन गैंग से संबंध: आरोपी के तार अंडरवर्ल्ड और कुख्यात ‘छोटा राजन गैंग’ से जुड़े रहे हैं।
  • 15 साल की जेल: वह अपने जीवन के करीब 15 साल सलाखों के पीछे काट चुका है।
  • लुधियाना जेल से था फरार: वह इसी साल फरवरी 2026 में पंजाब की लुधियाना जेल से चकमा देकर फरार हुआ था, जिसके बाद वह लगातार राज्यों की पुलिस को छका रहा था।

बदमाश के कब्जे से हुई बरामदगी

गिरफ्तार बदमाश सतपाल उर्फ सत्तू के पास से पुलिस ने कानों की बालियां (पीली धातु – अपहृता/नाबालिग लड़की से लूटी हुई), ओरा कार (नंबर- PB 01E 5793, घटना में प्रयुक्त), कूटरचित (फर्जी) आधार कार्ड (पहचान छिपाने के लिए बनाया गया), मोबाइल फोन, पिस्टल (32 बोर) जिंदा कारतूस और 01 खोखा कारतूस (32 बोर) बरामद की है।

अस्पताल पहुंचे आला अधिकारी, घायलों का हाल जाना

मुठभेड़ के बाद थाना सिविल लाइंस पुलिस ने घायल बदमाश और घायल पुलिसकर्मियों को तुरंत उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया। पैर में गोली लगने के कारण शातिर बदमाश सतपाल को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। वहीं, घायल पुलिसकर्मियों का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है और उनकी स्थिति अब स्थिर व खतरे से बाहर बताई जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक नगर (SP City) अमृत जैन तुरंत जिला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायल पुलिसकर्मियों के उपचार की स्थिति का निरीक्षण किया और डॉक्टरों से वार्ता कर उनके बेहतर व उच्च स्तरीय इलाज के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।

शातिर बदमाश सतपाल को मुठभेड़ में लंगड़ा करने वाली पुलिस और एसओजी टीम।

घटनाक्रम पर पुलिस अधीक्षक नगर अमृत जैन का बयान

“मुजफ्फरनगर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा और हमारे नेतृत्व में सिविल लाइंस पुलिस व एसओजी टीम ने एक बेहद शातिर और हैवान किस्म के अपराधी के साथ मुठभेड़ की है। सतपाल उर्फ सत्तू नाम का यह अपराधी मुठभेड़ में गोली लगने से घायल हुआ है। इस शातिर की तलाश आठ जनपदों और चार राज्यों की पुलिस को थी। यह मासूम नाबालिग लड़कियों को अपनी हवस का शिकार बनाता था और फरवरी से लुधियाना जेल से फरार था। इस पर हत्या, लूट, डकैती और बलात्कार जैसे दो दर्जन मुकदमे दर्ज हैं और मुजफ्फरनगर से इस पर 25,000 रुपये का इनाम था। हमारी टीम ने महज 48 घंटों में कड़ी मेहनत कर इसे ढूंढ निकाला और कानून के हवाले किया।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest News

Gold and Silver price

Share Market