मुजफ्फरनगर: जनपद के थाना तितावी क्षेत्र से एक ऐसा सनसनीखेज और रूह कंपा देने वाला मामला सामने आया है, जिसे सुनकर किसी की भी आंखों में आंसू आ जाएं और कलेजा मुंह को आ जाए। ग्राम मांडी स्थित एक दोने-पत्तल बनाने वाली फैक्ट्री में पिछले डेढ़ साल से चल रहे ‘कंसास के अत्याचार’ का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। यहां गैर-राज्यों से आए 12 मासूम श्रमिकों को बंधक बनाकर उनसे ऐसी हैवानियत की जा रही थी, जिसकी कल्पना मात्र से रोंगटे खड़े हो जाते हैं।
कलेजा चीर देगी मजदूरों की दास्तान: जेबों में मिलीं सूखी रोटियां!
इस पूरी घटना में सबसे मार्मिक और दर्दनाक पहलू वो है जिसे देखकर खुद पुलिस अधिकारियों की आंखें भी नम हो गईं। इन बेबस मजदूरों को 24 घंटे लगातार कोड़ों और डंडों के साये में काम कराया जाता था और पूरे दिन में सिर्फ एक बार सूखी रोटी दी जाती थी। भूख से तड़पते ये मजदूर अपनी जान बचाने के लिए उन सूखी रोटियों के टुकड़ों को अपनी जेबों में छिपाकर रखते थे, ताकि जब भूख बर्दाश्त से बाहर हो जाए, तो उन्हें चबाकर अपनी सांसें बचा सकें। छापेमारी के दौरान इन बेबस इंसानों की जेबों से सूखी रोटियां बरामद होना, इस जुल्म की सबसे बड़ी गवाही है।
यातनाओं की रूह कंपा देने वाली तस्वीरें: चाबुक से पीटा, कान तक जला दिए!
फैक्ट्री के अंदर इन मजदूरों के साथ जानवरों से भी बदतर सुलूक किया जाता था। श्रमिकों के शरीर पर यातनाओं के निशान इन बेगुनाहों पर हुए जुल्म की चीख-चीखकर गवाही दे रही हैं।

इन तस्वीरों में साफ देखा जा सकता है कि कैसे इन बेबस मजदूरों की पीठ पर चाबुक और लोहे की रॉड से बेरहमी से वार किए गए हैं। पीठ पर उभरे नीले-काले जख्म और गहरे निशान यह बताने के लिए काफी हैं कि जब ये दर्द से चिल्लाते होंगे, तो इन जालिमों का दिल जरा भी नहीं पसीजता था।
हैवानियत की हद तो तब पार हो गई जब एक मजदूर को तड़पाने के लिए उसके कान तक को बुरी तरह जला दिया गया। बीमार होने पर इलाज तो दूर, उन्हें तड़पने के लिए छोड़ दिया जाता था।
10 हजार का लालच देकर रेलवे स्टेशनों से ‘शिकार’ करते थे आरोपी
गिरफ्तार आरोपी शिवा त्यागी ने पूछताछ में जो उगला, वह बेहद चौंकाने वाला है। ये आरोपी रेलवे स्टेशनों और सार्वजनिक स्थानों पर जाकर सीधे-साधे और गरीब मजदूरों को निशाना बनाते थे। उन्हें 10 से 12 हजार रुपये महीना, अच्छा खाना और रहना देने का झांसा देकर मुजफ्फरनगर लाते थे। लेकिन यहां आते ही उनका मोबाइल छीन लिया जाता था और उन्हें गुलामी के दलदल में धकेल दिया जाता था। अगर कोई अपना वेतन मांगता या घर जाने की बात करता, तो लोहे की रॉड और डंडों से उसकी खाल उधेड़ दी जाती थी। मुक्त कराए गए मजदूरों में उत्तर प्रदेश, बिहार, उत्तराखंड, छत्तीसगढ़, हरियाणा और राजस्थान के लोग शामिल हैं, जिनमें कुछ नाबालिग बच्चे भी हैं।
एसएसपी का बड़ा एक्शन: टीम को 25,000 का इनाम
इस खौफनाक रैकेट का पर्दाफाश तब हुआ जब थाना तितावी पुलिस को ग्राम मांडी की इस फैक्ट्री के बारे में गुप्त सूचना मिली। एसपी ग्रामीण अक्षय संजय महाडीक के नेतृत्व और क्षेत्राधिकारी फुगाना विश्वजीत सिंह के पर्यवेक्षण में तितावी थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार, एसओजी देहात प्रभारी मोहित चौधरी, सहायक श्रम आयुक्त देवेश सिंह और तहसीलदार राधेश्याम गौड़ की संयुक्त टीम ने योजनाबद्ध तरीके से धावा बोलकर इस ‘नरक’ का ताला तोड़ा।
पुलिस ने मौके से दो आरोपियों को दबोच लिया है:
- शिवा त्यागी (निवासी उकावली, बुढ़ाना, मुजफ्फरनगर)
- प्रदीप बालियान (निवासी मांडी, तितावी, मुजफ्फरनगर)
जबकि मुख्य फैक्ट्री संचालक और मास्टरमाइंड अंकित बालियान अभी भी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस दबिश दे रही है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की गंभीर धाराओं समेत बंधुआ मजदूरी, बाल श्रम और किशोर न्याय अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। इस शानदार और मानवीय कार्य के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) संजय कुमार वर्मा ने पुलिस टीम को 25,000 रुपये के नकद पुरस्कार से नवाजा है।




