Home » Uncategorized » स्वास्थ्य विभाग में बड़ा धमाका: CMS डॉ. संजय वर्मा समेत जनपद के तीन दिग्गज डॉक्टर बने ‘अपर निदेशक’

स्वास्थ्य विभाग में बड़ा धमाका: CMS डॉ. संजय वर्मा समेत जनपद के तीन दिग्गज डॉक्टर बने ‘अपर निदेशक’

Facebook
X
WhatsApp

मुजफ्फरनगर: उत्तर प्रदेश शासन के चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग से इस वक्त की बड़ी और महत्वपूर्ण खबर सामने आ रही है। शासन ने प्रादेशिक चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवा संवर्ग में बड़े स्तर पर विभागीय कार्रवाई करते हुए कुल 53 चिकित्साधिकारियों को पदोन्नति (Promotion) का तोहफा दिया है। जारी किए गए आधिकारिक आदेश के अनुसार, इन सभी डॉक्टरों को तत्काल प्रभाव से लेवल-4 (संयुक्त निदेशक ग्रेड) से लेवल-5 (अपर निदेशक ग्रेड) के पद पर प्रोन्नत किया गया है। शासन के इस फैसले से मुजफ्फरनगर जनपद के स्वास्थ्य महकमे में खुशी की लहर दौड़ गई है, क्योंकि इस प्रदेश स्तरीय सूची में मुजफ्फरनगर में तैनात तीन दिग्गज चिकित्साधिकारियों के नाम शामिल हैं।

सीएमएस डॉ. संजय वर्मा समेत इन्हें मिली नई जिम्मेदारी

जनपद के स्वास्थ्य महकमे और चिकित्सा जगत के लिए अच्छी खबर है। उत्तर प्रदेश शासन ने मुजफ्फरनगर की स्वास्थ्य सेवाओं को एक ऐसा गौरव दिया है, जिससे पूरा जिला अस्पताल परिसर उत्सव के माहौल में डूब गया है। सूबे के चिकित्सा अनुभाग-2 द्वारा जारी की गई वरिष्ठ डॉक्टरों की पदोन्नति सूची में मुजफ्फरनगर में तैनात तीन ऐसी शख्सियतों को अपर निदेशक (Additional Director) के शीर्ष पद पर प्रमोट किया गया है, जिन्होंने वर्षों से जिले के मरीजों की सेवा में दिन-रात एक कर रखा है।

शासन द्वारा जारी आधिकारिक आदेश के अनुसार, जिला पुरुष चिकित्सालय के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (CMS) डॉ. संजय कुमार वर्मा, वरिष्ठ रेडियोलॉजिस्ट डॉ. संजीव गुप्ता और जिला क्षय रोग अधिकारी (DTO) डॉ. लोकेश चंद्र गुप्ता को लेवल-4 से प्रोन्नत कर तत्काल प्रभाव से लेवल-5 (अपर निदेशक ग्रेड) की जिम्मेदारी सौंप दी गई है।

मरीजों के मसीहा और अस्पताल की रीढ़ हैं ये तीन डॉक्टर:

डॉ. संजय कुमार वर्मा (CMS): जिला अस्पताल की कमान संभाल रहे डॉ. संजय कुमार वर्मा सिर्फ एक प्रशासनिक अधिकारी नहीं हैं, बल्कि अस्पताल की व्यवस्थाओं को जमीन पर सुधारने वाले कर्मठ नायक हैं। देर रात तक अस्पताल का राउंड लेना हो या गरीब मरीजों को तुरंत इलाज मुहैया कराना, डॉ. वर्मा ने हमेशा मिसाल पेश की है। उनके इस ऊंचे पद पर पहुंचने से पूरे चिकित्सालय स्टाफ का सिर फक्र से ऊंचा हो गया है।

डॉ. संजीव गुप्ता (वरिष्ठ रेडियोलॉजिस्ट): जिला चिकित्सालय में आने वाले हर गंभीर मरीज के लिए डॉ. संजीव गुप्ता एक भरोसे का नाम हैं। डायग्नोसिस और रेडियोलॉजी के क्षेत्र में उनका कोई सानी नहीं है। बिना थके, बेहद मिलनसार स्वभाव के साथ हजारों मरीजों का अल्ट्रासाउंड और एक्स-रे परीक्षण करने वाले डॉ. संजीव गुप्ता को यह पदोन्नति मिलना उनकी ईमानदारी और निष्ठा का प्रतिफल है।

डॉ. लोकेश चंद्र गुप्ता (DTO): जनपद को टीबी जैसी गंभीर बीमारी से मुक्त करने के अभियान में जुटे जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. लोकेश चंद्र गुप्ता का कार्य भी सराहनीय रहा है। दूर-दराज के गांवों तक स्वास्थ्य कैंप पहुंचाकर गरीबों को नई जिंदगी देने वाले डॉ. लोकेश की इस पदोन्नति से राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन से जुड़े कर्मचारियों में भारी उत्साह है।

पूरे स्टाफ ने मिठाई बांटकर मनाई खुशी, बधाई देने वालों का तांता

जैसे ही लखनऊ से विशेष सचिव रवि रंजन के हस्ताक्षर वाला यह आदेश आया, मुजफ्फरनगर जिला अस्पताल में मानों खुशी का माहौल हो गया। सभी डॉक्टरों, फार्मासिस्टों, नर्सों, वार्ड बॉयज और पैरामेडिकल स्टाफ ने एक-दूसरे का मुंह मीठा कराया।

डॉ. संजय वर्मा, डॉ. संजीव गुप्ता और डॉ. लोकेश गुप्ता को लेकर स्टाफ का कहना है कि हमारे इन अधिकारियों का प्रमोशन सिर्फ उनका व्यक्तिगत प्रमोशन नहीं है, बल्कि यह पूरे मुजफ्फरनगर जिला अस्पताल की टीम वर्क और सेवा भावना का सम्मान है।

नया वेतनमान और अगली जिम्मेदारी का इंतजार

विशेष सचिव रवि रंजन द्वारा जारी किए गए आदेश के अनुसार, इन सभी अधिकारियों को वर्तमान वेतनमान रुपये 37400-67000 (ग्रेड पे 8700, पे-मैट्रिक्स लेवल-13) से प्रोन्नत करते हुए संशोधित वेतनमान रुपये 37400-67000 (ग्रेड पे 8900, यथासंशोधित वेतनमान पे-मैट्रिक्स लेवल-13क) के पद पर रिक्तियों के सापेक्ष राज्यपाल की सहर्ष स्वीकृति से प्रमोट किया गया है। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि इन सभी प्रोन्नत अधिकारियों की नई तैनाती के आदेश शासन स्तर से पृथक (अलग) से जारी किए जाएंगे।

मुजफ्फरनगर के इन तीनों वरिष्ठ चिकित्सकों को पदोन्नति मिलने पर जिला अस्पताल के स्टाफ, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों ने खुशी जाहिर करते हुए उन्हें बधाई दी है।

मुजफ्फरनगर की जनता और हमारा न्यूज पोर्टल इन तीनों कर्मठ स्वास्थ्य वीरों को इस शानदार पदोन्नति पर हार्दिक बधाई और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देता है!

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest News

Gold and Silver price

Share Market