Home » अपराध » Exclusive: ‘लव जिहाद’ के शोर के बीच युवती ने खुद संभाला मोर्चा; हिंदू संगठन के पदाधिकारियों समेत 5 नामजद, कई अज्ञात पर FIR दर्ज

Exclusive: ‘लव जिहाद’ के शोर के बीच युवती ने खुद संभाला मोर्चा; हिंदू संगठन के पदाधिकारियों समेत 5 नामजद, कई अज्ञात पर FIR दर्ज

Facebook
X
WhatsApp

मुजफ्फरनगर: जनपद के थाना सिविल लाइंस क्षेत्र से रविवार को एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने शहर के सियासी और सामाजिक माहौल में गरमाहट ला दी है। जिला परिषद मार्केट में एक मुस्लिम युवक के साथ घूम रही हिंदू युवती को जब कुछ हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं ने घेरकर ‘लव जिहाद’ का आरोप लगाते हुए हंगामा किया, तो कहानी में एक बड़ा ट्विस्ट आ गया। संगठन द्वारा पुलिस को तहरीर दिए जाने के बीच, खुद पीड़ित युवती ने आगे आकर आरोपियों के खिलाफ मोर्चा खोल दिया और सिविल लाइंस थाने में गंभीर धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज करा दिया।

क्या है पूरा मामला?

दरअसल, रविवार (12 जुलाई 2026) की दोपहर करीब 3:30 बजे शामली जनपद की रहने वाली एक युवती अपने दोस्त महताब (पुत्र अमीर अहमद) के साथ जिला परिषद मार्केट में दवाइयां खरीदने आई थी। दवाइयां लेने के बाद जब दोनों पास ही में छोले-भटूरे खा रहे थे, तभी वहां कुछ युवक पहुंचे जिन्होंने खुद को हिंदू संगठन का पदाधिकारी बताया।

युवती का आरोप है कि उक्त युवकों ने उन दोनों का नाम-पता पूछना शुरू कर दिया। जब दोनों ने इसका विरोध किया, तो आरोपियों ने फोन करके 10-12 अन्य साथियों को भी मौके पर बुला लिया और उन्हें चारों तरफ से घेर लिया।

सरेराह मारपीट, कपड़े फाड़ने और गाली–गलौज का आरोप

वायरल वीडियो और एफआईआर में दर्ज शिकायत के मुताबिक, भीड़ ने दोनों को घेरकर मजहबी टिप्पणी की और गंदी-गंदी गालियां देना शुरू कर दिया। युवती का आरोप है कि आरोपियों ने उसके दोस्त महताब के साथ बर्बरता से मारपीट की। जब युवती अपने दोस्त को बचाने आई, तो आरोपियों ने उसके साथ भी छेड़खानी, अभद्रता और बदसलूकी की। पीड़िता ने तहरीर में बताया कि आरोपियों ने उसके बाल पकड़कर नीचे गिरा दिया, जिससे उसके कपड़े भी अस्त-व्यस्त हो गए। इस दौरान सड़क पर जमकर हंगामा हुआ और आरोपियों ने दोनों को जान से मारने की धमकी भी दी। बाद में राहगीरों ने बीच-बचाव कर दोनों की जान बचाई।

हिंदू संगठन की ‘लव जिहाद’ की थ्योरी पड़ी फीकी

घटना के बाद हिंदू संगठन के पदाधिकारी लोकेश सैनी ने मामले को ‘लव जिहाद’ का रूप देते हुए पुलिस को तहरीर दी थी। लेकिन मामले ने तब यू-टर्न ले लिया जब पीड़ित युवती ने खुद थाने में आरोपियों की करतूतों का चिट्ठा खोल दिया। युवती के कड़े रुख के आगे संगठन के आरोप धरे के धरे रह गए।

इन धाराओं में दर्ज हुआ मुकदमा

पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए पीड़ित युवती तानिया (पुत्री ग्यासपाल) की तहरीर पर भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की कई गंभीर धाराओं के तहत मुकदमा पंजीकृत कर लिया है। मुकदमे में गौरव शर्मा, कुशल वीर, शुभम, प्रशांत शर्मा और लोकेश सैनी (हिंदू संगठन पदाधिकारी) को नामजद किया गया है। इसके अलावा 10-12 अन्य अज्ञात साथी भी एफआईआर में शामिल हैं

लगाई गई धाराएं (BNS, 2023):

  • 191(2): दंगा करने या बलवा करने का अपराध।
  • 126(2): गलत तरीके से रास्ता रोकना (सदोश अवरोध)।
  • 115(2): स्वेच्छा से किसी को चोट या चोट पहुंचाना।
  • 74: महिला की लज्जा भंग करने के इरादे से उस पर हमला या आपराधिक बल का प्रयोग।
  • 75(2), 75(3): यौन उत्पीड़न और लैंगिक उत्पीड़न से जुड़ी धाराएं।
  • 352: शांति भंग करने के इरादे से जानबूझकर अपमान करना।
  • 351(3): गंभीर परिणाम भुगतने या जान से मारने की आपराधिक धमकी देना।

पुलिस प्रशासन अलर्ट, जांच शुरू

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए सिविल लाइंस थाना पुलिस ने मुस्तैदी दिखाई है। सब-इंस्पेक्टर (SI) प्रशांत कुमार को इस पूरे मामले की विवेचना सौंपी गई है। पुलिस सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अन्य आरोपियों की शिनाख्त करने में जुट गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कानून हाथ में लेने वाले किसी भी शख्स को बख्शा नहीं जाएगा और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest News

Gold and Silver price

Share Market