Home » मुजफ्फरनगर » ऐतिहासिक न्याय: डेढ़ साल की मासूम से दरिंदगी करने वाले को कोर्ट ने दी उम्रकैद, आरोप तय होने के महज 21 दिन में आया फैसला

ऐतिहासिक न्याय: डेढ़ साल की मासूम से दरिंदगी करने वाले को कोर्ट ने दी उम्रकैद, आरोप तय होने के महज 21 दिन में आया फैसला

Facebook
X
WhatsApp

मुजफ्फरनगर: जिले में न्यायपालिका और खाकी के साझा प्रयासों से एक ऐसा ऐतिहासिक फैसला आया है, जिसने समाज में कानून के इकबाल को और मजबूत कर दिया है। मुजफ्फरनगर की विशेष पॉक्सो कोर्ट ने महज डेढ़ वर्ष की मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म करने वाले दरिंदे को आखिरी सांस तक जेल की सलाखों के पीछे रखने (आजीवन कारावास) और दो लाख रुपये के अर्थदंड की कठोर सजा सुनाई है।

यह त्वरित और नजीर पेश करने वाला न्याय पुलिस की सटीक विवेचना, मजबूत वैज्ञानिक साक्ष्यों और कोर्ट में प्रभावी पैरवी के चलते संभव हो पाया है। न्यायालय ने आरोप विरचित (Charges Frame) किए जाने के महज 21 दिन के भीतर अपना फैसला सुनाकर अपराधियों को सख्त संदेश दिया है। दोषी को सजा दिलाने में एसपी क्राइम इंदु सिद्धार्थ की अहम भूमिका रही है।

क्या था पूरा मामला?

यह शर्मनाक घटना मुजफ्फरनगर के थाना खतौली क्षेत्र के ग्राम मोहद्दीनपुर की है। 12 मार्च 2026 को एक बेबस मां (वादिया) ने खतौली पुलिस को तहरीर देकर शिकायत दर्ज कराई थी कि गांव का ही रहने वाला आरोपी टिंकू उर्फ पिंंकू पुत्र ईश्वर, उसकी डेढ़ वर्षीय मासूम बेटी को दुकान से बिस्कुट दिलाने के बहाने बहला-फुसलाकर ले गया था। इसके बाद उसने मासूम बच्ची के साथ अत्यंत क्रूरतापूर्वक दुष्कर्म (रेप) जैसी जघन्य वारदात को अंजाम दिया।

24 घंटे के भीतर मुठभेड़ में गिरफ्तारी और त्वरित चार्जशीट

मासूम के साथ हुई इस दरिंदगी की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया था। खतौली थाना पुलिस ने तुरंत त्वरित कार्रवाई करते हुए पॉक्सो एक्ट में मुकदमा पंजीकृत किया था।

आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों का गठन किया गया। पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए घटना के दिन ही यानी 12 मार्च 2026 को एक मुठभेड़ के दौरान आरोपी टिंकू उर्फ पिंंकू को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। खतौली पुलिस ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए वैज्ञानिक साक्ष्य और फोरेंसिक साक्ष्य जुटाए और गुणवत्तापूर्ण जांच करते हुए 7 मई 2026 को न्यायालय में आरोप पत्र (चार्जशीट) दाखिल कर दी।

‘ऑपरेशन कन्विक्शन’ और ‘मिशन शक्ति’ के तहत हुई पैरवी

महिलाओं और बालिकाओं के विरुद्ध होने वाले अपराधों पर लगाम लगाने के लिए उत्तर प्रदेश शासन द्वारा चलाए जा रहे ‘मिशन शक्ति’ और मुजफ्फरनगर पुलिस के ‘ऑपरेशन कन्विक्शन’ के तहत इस केस को चिह्नित (चिन्हित) किया गया था।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) संजय कुमार वर्मा के कुशल निर्देशन, पुलिस अधीक्षक (अपराध) इंदु सिद्धार्थ और मॉनिटरिंग सेल के प्रभारी रणधीर सिंह की देखरेख में कोर्ट में बेहद मजबूत पैरवी की गई। क्षेत्राधिकारी (CO) खतौली रूपाली राव और थाना प्रभारी खतौली ने समय से सभी गवाहों को कोर्ट में पेश करवाया। अभियोजन पक्ष की ओर से एडीजीसी प्रदीप बालियान, दिनेश शर्मा और महिला मुख्य आरक्षी (पैरोकार) गीता ने वैज्ञानिक सबूतों और फोरेंसिक रिपोर्ट को कोर्ट के सामने इतने पुख्ता ढंग से रखा कि बचाव पक्ष के पास कोई रास्ता नहीं बचा।

न्यायालय की ऐतिहासिक टिप्पणी: “इंटरनेट की अश्लील सामग्री और नैतिक पतन समाज के लिए गंभीर चिंता”

विशेष पॉक्सो कोर्ट के न्यायाधीश मनोज कुमार सिद्धू ने आरोपी को सजा सुनाते हुए समाज की वर्तमान स्थिति और गिरते मानवीय मूल्यों पर बेहद गंभीर और आंखें खोल देने वाली टिप्पणी की, जो आने वाले समय के लिए एक बड़ी नजीर है।

“उक्त प्रकरण के तथ्य यह दर्शित करते हैं कि वर्तमान समाज में नैतिक मूल्यों का ह्रास एक गंभीर चिंता का विषय बन गया है। भौतिकता की अंधी दौड़, स्वार्थपरता तथा बढ़ती हुई तकनीकी निर्भरता के कारण सत्य, करुणा, ईमानदारी और आदर जैसे मानवीय मूल्य पीछे छूटते जा रहे हैं। इंटरनेट और सोशल मीडिया के माध्यम से जिस प्रकार की अवास्तविक एवं अश्लील सामग्री तकनीक के माध्यम से समाज में परोसी जा रही है, वह वर्तमान समाज तथा भविष्य के लिए सृजित हो रहे समाज के लिए गंभीर चिंता का विषय बनती जा रही है।”

न्यायालय ने आगे समाज को आईना दिखाते हुए कहा:

“इस न्यायालय को उल्लेख करने में कोई अतिशयोक्ति नहीं है कि आरोपी के द्वारा जिस प्रकार की घटना पीड़िता के साथ की गई है, वह न केवल मानवीयता को शर्मसार करने वाली है, बल्कि वर्तमान समाज के उस प्रतिबिम्ब को भी दर्शित करती है कि वास्तव में अब हमारा समाज किस दिशा की ओर अग्रसर हो रहा है। वर्तमान समाज में ऐसे युवा जिनमें शिक्षा का अभाव, सोशल मीडिया के माध्यम से परोसी जा रही अश्लील सामग्री, नैतिक मूल्यों का अवमूल्यन, गिरती जा रही मानवीय संस्कृति तथा रिश्तों की महत्ता को खत्म करने की प्रवृत्ति इत्यादि ऐसे कारक हैं, जो समाज को नैतिक मूल्यों से दूर कर रहे हैं।”

सामाजिक पुनर्जागरण और सदाचार की जरूरत पर जोर:

“वर्तमान प्रकरण के तथ्य दर्शित करते हैं कि मानवीय रिश्तों को बरकरार रखने एवं नैतिक मूल्यों को बरकरार रखने हेतु एक सामाजिक पुनर्जागरण की आवश्यकता है तथा समाज को एक ऐसी नई पीढ़ी की सृजन की आवश्यकता है जिससे कि समाज में उत्पन्न हो रही ऐसी बुराइयों को समय रहते हुए दूर किया जा सके तथा पुनः सांस्कृतिक एवं मानवीय मूल्यों को खड़ा करके ऐसी घटना की पुनरावृत्ति को रोका जा सके। किसी भी व्यक्ति और समाज दोनों के उत्थान का मूल मंत्र सदाचार के पालन में है।”

“वर्तमान परिवेश में व्यक्ति को सदाचार की ओर अग्रसर किये जाने हेतु नैतिक शिक्षा को भी शिक्षा प्रणाली में उचित स्थान देकर एक नई पीढ़ी उच्च मूल्यों सहित तैयार की जा सकती है, जिस पर विचार करने की आवश्यकता है।”

आमजन में बढ़ा पुलिस और न्यायपालिका के प्रति भरोसा

आरोप तय होने के मात्र 21 दिन के भीतर पॉक्सो कोर्ट द्वारा दरिंदे को आखिरी सांस तक जेल में रहने की सजा सुनाए जाने के बाद मुजफ्फरनगर की जनता ने पुलिस प्रशासन और अभियोजन टीम की भूरि-भूरि प्रशंसा की है। लोगों का कहना है कि ऐसे जघन्य मामलों में इतनी त्वरित सजा होने से अपराधियों में खौफ पैदा होगा और समाज में बहन-बेटियां खुद को और अधिक सुरक्षित महसूस करेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest News

Gold and Silver price

Share Market