मुजफ्फरनगर: आगामी रक्षाबंधन एवं श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व पर आम जनमानस को शुद्ध, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य एवं पेय पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य विभाग ने मिलावटखोरों के खिलाफ महाअभियान छेड़ दिया है। आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, उत्तर प्रदेश के सख्त निर्देशों के अनुपालन में तथा सहायक आयुक्त (खाद्य)-II अर्चना धीरान के कुशल नेतृत्व में विभाग की विशेष टीम ने जनपद मुजफ्फरनगर के भोकरहेड़ी क्षेत्र में संचालित मावा भट्टियों पर औचक छापेमारी की। इस कार्रवाई से पूरे क्षेत्र के मिलावटखोरों और अवैध कारोबारियों में अफरा-तफरी मच गई।

कार्रवाई का मुख्य आकर्षण:
छापेमारी के दौरान बेहद गंदगी और असुरक्षित परिस्थितियों में रखा 270 किलोग्राम दूषित मावा मौके पर ही नष्ट कराया गया। इसके साथ ही 51 किलोग्राम वसा और 35 किलोग्राम SMP पाउडर सीज किया गया। गंभीर अनियमितताएं मिलने पर 2 मावा भट्टियों को तत्काल प्रभाव से बंद कराकर सेक्शन 34 के तहत आकस्मिक प्रतिषेध आदेश जारी किए गए हैं।
भोकरहेड़ी की 4 भट्टियों से लिए गए 10 विधिक नमूने
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने भोकरहेड़ी में स्थित चार प्रमुख मावा निर्माण इकाइयों की गहनता से जांच की और नियमानुसार कुल 10 विधिक नमूने (Legal Samples) एकत्र कर प्रयोगशाला जांच के लिए भेजे।
- इरफान मावा भट्टी (भोकरहेड़ी): यहां से मावा, SMP, वसा एवं दूध का 1-1 विधिक नमूना (कुल 4 नमूने) लिया गया। अस्वच्छता और नियमों के उल्लंघन पर इस भट्टी को तुरंत बंद कराया गया।
- इरशाद मावा भट्टी (भोकरहेड़ी): यहां से मावा एवं वनस्पति का 1-1 विधिक नमूना (कुल 2 नमूने) संग्रहित किया गया। इस भट्टी को भी मौके पर ही तत्काल प्रभाव से बंद कराया गया।
- दिलशाद मावा भट्टी (भोकरहेड़ी): यहां से मावा, SMP एवं दूध का 1-1 विधिक नमूना (कुल 3 नमूने) लिया गया।
- शकील मावा भट्टी (भोकरहेड़ी): इस भट्टी से मावा का 1 विधिक नमूना संग्रहित किया गया।

सेक्शन 34 के तहत कड़ा लीगल एक्शन:
इरफान और इरशाद की मावा भट्टियों में पाई गई भारी अनियमितताओं के चलते दोनों प्रतिष्ठानों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के सेक्शन 34 (Emergency Prohibition Notice) के अंतर्गत आकस्मिक प्रतिषेध आदेश जारी किए जा रहे हैं।
जनस्वास्थ्य से खिलवाड़ पर सख्त कदम
सहायक आयुक्त खाद्य-II अर्चना धीरान ने बताया कि त्योहारों के अवसर पर मावा और अन्य दुग्ध उत्पादों में मिलावट की शिकायतें बढ़ जाती हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए यह बड़ी कार्रवाई की गई है। मौके पर अस्वच्छ परिस्थितियों में पाए गए मावे को नष्ट कराने के साथ ही संदिग्ध सामग्री को सीज कर दिया गया है ताकि इसका उपयोग मिठाइयों में न हो सके।
छापेमारी टीम में शामिल अधिकारी
इस पूरी कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में सहायक आयुक्त खाद्य-II अर्चना धीरान के साथ खाद्य सुरक्षा अधिकारी संदीप सिंह, वैभव शर्मा, सुनील कुमार, डॉ. अश्विनी कुमार, डॉ. विशाल चौधरी, नेहा चौधरी एवं पूनम कुमारी प्रमुख रूप से मुस्तैद रहे।
विभाग की खुली चेतावनी:
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने साफ कर दिया है कि आगामी त्योहारों तक जिलेभर में यह चेकिंग अभियान लगातार जारी रहेगा। जनता के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने वाले किसी भी मिलावटखोर को बख्शा नहीं जाएगा।




