Home » मुजफ्फरनगर » मावा भट्टी पर बड़ा छापा: 10 कुंतल मावा नष्ट, 867 किलो सामग्री जब्त; बिना लाइसेंस कारोबार पर FIR

मावा भट्टी पर बड़ा छापा: 10 कुंतल मावा नष्ट, 867 किलो सामग्री जब्त; बिना लाइसेंस कारोबार पर FIR

Facebook
X
WhatsApp

मुजफ्फरनगर: आगामी रक्षाबंधन और जन्माष्टमी पर्व को देखते हुए खाद्य पदार्थों में मिलावट के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने मंगलवार तड़के बड़ी कार्रवाई की। छपार क्षेत्र स्थित टिंकू मावा भट्टी पर छापेमारी के दौरान टीम ने मावा तैयार करने में इस्तेमाल की जा रही विभिन्न सामग्रियों के कुल 10 विधिक नमूने लिए। प्रथम दृष्टया मावा मानव उपभोग के अनुरूप नहीं पाए जाने और परिसर में अस्वच्छ एवं अस्वास्थ्यकर परिस्थितियां मिलने पर करीब 1000 किलोग्राम (10 कुंतल) मावा, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 2 लाख रुपये बताई गई, को मौके पर ही नियमानुसार नष्ट करा दिया गया।

यह कार्रवाई 25 अगस्त 2026 की रात करीब 1:30 बजे आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, उत्तर प्रदेश के आदेश तथा जिलाधिकारी के निर्देशों के क्रम में की गई। कार्रवाई का नेतृत्व सहायक आयुक्त खाद्य-द्वितीय अर्चना धीरान और मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी अक्षय प्रधान ने किया।

मावा में मिलावट के लिए कई पदार्थों के इस्तेमाल की पुष्टि

खाद्य विभाग के अनुसार, मौके पर खाद्य कारोबारकर्ता द्वारा विभिन्न पदार्थों को मिलाकर मावा तैयार किए जाने की पुष्टि हुई। टीम ने कार्रवाई के दौरान मावा के तीन विधिक नमूने लिए। इसके अलावा सेलखड़ी, वनस्पति, एसएमपी, ईसबगोल, हाइड्रो, रसोई गोल्ड वनस्पति और इंटरस्ट्रेटिफाइड वेजिटेबल फैट के भी विधिक नमूने नियमानुसार संग्रहित किए गए।

इस प्रकार मौके से कुल 10 विधिक नमूने लिए गए, जिन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा। प्रयोगशाला जांच की रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

10 कुंतल मावा कराया नष्ट

मौके पर उपलब्ध करीब 1000 किलोग्राम मावा प्रथम दृष्टया मानव उपभोग के अनुरूप प्रतीत नहीं हुआ। साथ ही इसे अस्वच्छ और अस्वास्थ्यकर परिस्थितियों में रखा गया था। खाद्य सुरक्षा टीम ने जनहित में नियमानुसार पूरे मावा को मौके पर ही नष्ट करा दिया। नष्ट किए गए मावा की अनुमानित कीमत करीब 2,00,000 (दो लाख) रुपये बताई गई है।

867 किलो सामग्री जब्त

कार्रवाई के दौरान टीम ने बड़ी मात्रा में अन्य खाद्य सामग्री भी जब्त की। इसमें करीब 648 किलोग्राम एसएमपी, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग दो लाख रुपये है, 176 किलोग्राम वनस्पति, जिसकी अनुमानित कीमत 37,678 रुपये तथा 43 किलोग्राम इंटरस्ट्रेटिफाइड फैट, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 10 हजार रुपये है, शामिल है।

कुल मिलाकर 867 किलोग्राम सामग्री जब्त की गई, जिसकी अनुमानित कीमत 2,47,678 रुपये बताई गई है। जब्त सामग्री को नियमानुसार खाद्य कारोबारकर्ता की अभिरक्षा में सौंप दिया गया।

बिना लाइसेंस चल रहा था कारोबार

खाद्य विभाग की जांच में यह भी सामने आया कि संबंधित खाद्य कारोबारकर्ता द्वारा लाइसेंस/रजिस्ट्रेशन प्राप्त किए बिना खाद्य व्यवसाय संचालित किया जा रहा था। विभाग की ओर से संबंधित थाने में खाद्य कारोबारकर्ता के खिलाफ सुसंगत धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज करा दी गई है। इसके साथ ही टिंकू मावा भट्टी पर खाद्य कारोबार का संचालन पूर्ण रूप से बंद करा दिया गया है।

टीम में ये अधिकारी रहे शामिल

कार्रवाई करने वाली टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी संदीप सिंह, वैभव शर्मा, सुनील कुमार, डॉ. अश्विनी कुमार, डॉ. विशाल चौधरी, नेहा चौधरी और श्रीमती पूनम चौधरी शामिल रहे।

खाद्य विभाग की इस कार्रवाई को आगामी रक्षाबंधन और जन्माष्टमी पर्व के मद्देनजर मिलावटखोरों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान की बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है। विभाग का उद्देश्य पर्व के दौरान आमजन को सुरक्षित और गुणवत्तापरक खाद्य एवं पेय पदार्थ उपलब्ध कराना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest News

Gold and Silver price

Share Market