Home » मुजफ्फरनगर » बस ने दूधिया को मारी जोरदार टक्कर, किशोर घायल, सड़क पर बहा क्विंटल भर दूध

बस ने दूधिया को मारी जोरदार टक्कर, किशोर घायल, सड़क पर बहा क्विंटल भर दूध

Facebook
X
WhatsApp

मुजफ्फरनगर: जनपद के जानसठ रोड पर चौरावाला के पास एक बड़ा सड़क हादसा सामने आया है। चौरावाला से निकलते ही एक अनियंत्रित बस ने आगे चल रहे बाइक सवार दूधिया को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार 16 वर्षीय किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि बाइक पर लदा करीब एक कुंतल दूध सड़क पर बहकर बर्बाद हो गया। घटना के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।

चौरावाला से निकलते ही हुआ हादसा

ग्राम खेड़ी फिरोजाबाद निवासी सुफियान (16 वर्ष) पुत्र इमरान दूध आपूर्ति का काम करता है। रोजमर्रा की भांति वह अपनी बाइक पर दूध के केन लादकर डिलीवरी के लिए जा रहा था। जैसे ही वह चौरावाला से निकलकर जानसठ मुख्य मार्ग पर पहुंचा, तभी पीछे से आ रही तेज रफ्तार बस ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि सुफियान बाइक समेत सड़क पर जा गिरा और गंभीर रूप से चोटिल हो गया।

सड़क पर फैली अफरा-तफरी, बह गया एक कुंतल दूध

हादसे के साथ ही बाइक पर रखा लगभग एक कुंतल दूध सड़क पर फैल गया। देखते ही देखते मुख्य मार्ग पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। राहगीरों व स्थानीय लोगों ने तुरंत दौड़कर घायल किशोर सुफियान को संभाला और घटना की जानकारी 108 एंबुलेंस सेवा को दी।

108 एंबुलेंस टीम की तत्परता, सीएचसी भोपा में भर्ती

सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस सेवा मौके पर पहुंची। एंबुलेंस में तैनात ईएमटी इंद्रपाल सिंह ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए घायल सुफियान को मौके पर ही त्वरित प्राथमिक उपचार (First Aid) दिया। इसके बाद पायलट नितिन पंवार ने एंबुलेंस को तेजी से चलाकर घायल किशोर को समय रहते सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भोपा पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसका उपचार शुरू किया।

परिजनों में मचा कोहराम, तेज रफ्तार वाहनों पर रोक की मांग

हादसे की खबर मिलते ही सुफियान के परिजन रोते-बिलखते सीएचसी भोपा पहुंचे। दुर्घटना के कारण जानसठ रोड पर कुछ समय के लिए यातायात बाधित रहा और वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई।

स्थानीय निवासियों ने जानसठ रोड पर बेकाबू रफ्तार से दौड़ने वाले वाहनों पर गहरा रोष व्यक्त किया है। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि इस मार्ग पर तेज गति से चलने वाले वाहनों पर सख्ती से अंकुश लगाया जाए और यातायात नियमों का कड़ाई से पालन कराया जाए ताकि भविष्य में ऐसे हादसों की पुनरावृत्ति न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest News

Gold and Silver price

Share Market