मुजफ्फरनगर: देर रात गोलियों की तड़तड़ाहट से जनपद का सन्नाटा टूट गया। जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों शाहपुर, तितावी और रतनपुरी में पुलिस और बदमाशों के बीच ताबड़तोड़ मुठभेड़ हुई। तीनों जगह बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग की, लेकिन जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने दो इमामी समेत तीन शातिर बदमाशों को पीतल चखाया। इसके बाद इन्हें घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया।पुलिस का यह कोई संयुक्त ऑपरेशन नहीं था, बल्कि अलग-अलग इलाकों में अलग-अलग समय पर हुई कार्रवाई थी, जिसका संदेश एक ही था… कि बदमाशों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
थाना शाहपुर पुलिस ने 25 हजार के इनामी संजीत को किया लंगड़ा
शाहपुर क्षेत्र में धनायन रोड पर चेकिंग के दौरान पुलिस को देख एक संदिग्ध युवक भागने लगा और पुलिस पर फायर झोंक दिया। जवाबी कार्रवाई में बदमाश संजीत पुत्र फूल सिंह निवासी इनामपुर थाना मंडावर जनपद बिजनौर घायल हो गया। उसके कब्जे से 315 बोर का तमंचा, एक जिंदा व एक खोखा कारतूस बरामद किया गया। घायल बदमाश दो मुकदमों में वांछित था और उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। संजीत के खिलाफ हत्या के प्रयास, चोरी, नकबजनी और अवैध हथियार रखने जैसे गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। हाल ही में दर्ज दो मामलों में वह फरार चल रहा था, जिस कारण उसकी गिरफ्तारी पर इनाम घोषित किया गया था।

तितावी पुलिस ने दोषसिद्ध शातिर गुफरान को किया घायल
तितावी पुलिस छतैला पुलिया पर चेकिंग कर रही थी, तभी एक स्कूटी सवार युवक पुलिस को देखकर भागने लगा। पुलिस द्वारा पीछा करने पर हड़बड़ाहट में स्कूटी नियंत्रित होकर गिर गई। खुद को पुलिस से गिरता देख बदमाश ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी फायरिंग में गुफरान उर्फ बोता निवासी बघरा घायल हो गया। उसके कब्जे से एक होंडा एक्सेस स्कूटी और 315 बोर का अवैध तमंचा बरामद हुआ। बदमाश पर हत्या के प्रयास, गैंगस्टर एक्ट व गोकशी सहित कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। वह हरिद्वार में दर्ज मामले में दोषसिद्ध होकर फरार चल रहा था।
गोकश रहीस उर्फ रहीसू को लगी रतनपुरी पुलिस की गोली
रतनपुरी पुलिस ग्राम कल्याणपुर-टोडा मार्ग पर चेकिंग कर रही थी। पुलिस को देख मोटरसाइकिल सवार भागने लगा और फायरिंग करते हुए गन्ने के खेत में घुस गया। जवाबी कार्रवाई में रहीस उर्फ रहीसू पुत्र सीनू निवासी रटोल जनपद बागपत घायल हो गया। उसके कब्जे से 315 बोर का तमंचा, कारतूस व काली हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की गई। बदमाश गौवध अधिनियम व अन्य गंभीर धाराओं में वांछित था और उस पर भी 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
अपराध पर करारा प्रहार
एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने कहा कि तीनों घटनाओं में पुलिस टीम बाल-बाल बची, लेकिन जवाबी कार्रवाई में साहस दिखाते हुए बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया गया। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और अग्रिम विधिक कार्रवाई जारी है।एक ही रात में तीन मुठभेड़ों ने साफ कर दिया है कि मुजफ्फरनगर पुलिस अपराधियों के खिलाफ सख्त रुख अपनाए हुए है। जिले में चल रहा अभियान अपराधियों के लिए स्पष्ट संदेश है—या तो कानून के आगे झुको, या फिर पुलिस की गोली का सामना करो।




