मुजफ्फरनगर: पुलिस लाइन में सहारनपुर परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक अभिषेक सिंह की अध्यक्षता में राजपत्रित अधिकारियों की महत्वपूर्ण गोष्ठी आयोजित की गई। गोष्ठी में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा, पुलिस अधीक्षक नगर सत्यनारायण प्रजापत, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण आदित्य बंसल सहित समस्त क्षेत्राधिकारी एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान डीआईजी ने सर्वप्रथम चालू वित्तीय वर्ष के बजट की विस्तृत समीक्षा की। मदवार व्यय, प्रस्तावित कार्यों और लंबित प्रकरणों पर गंभीर चर्चा करते हुए उन्होंने वित्तीय संसाधनों के पारदर्शी, मितव्ययी एवं गुणवत्तापूर्ण उपयोग के स्पष्ट निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यय शासन द्वारा निर्धारित मानकों के अनुरूप तथा समयबद्ध ढंग से किया जाए, ताकि विभागीय कार्यों में गति और पारदर्शिता बनी रहे।
गोष्ठी में प्रशिक्षु आरक्षियों के व्यवस्थापन को भी प्राथमिकता दी गई। उनके आवास, भोजन, पेयजल, स्वच्छता, चिकित्सा सुविधाओं, प्रशिक्षण सामग्री और अनुशासन व्यवस्था की बिंदुवार समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि प्रशिक्षण की गुणवत्ता में किसी प्रकार की कमी न हो तथा सभी आवश्यक सुविधाएं निर्धारित मानकों के अनुसार उपलब्ध कराई जाएं।
अंत में डीआईजी ने अधिकारियों से अपने दायित्वों का निर्वहन पूर्ण निष्ठा, जवाबदेही और पारदर्शिता के साथ सुनिश्चित करने का आह्वान किया, जिससे पुलिस विभाग की कार्यकुशलता और जनविश्वास और अधिक सुदृढ़ हो सके।




