Home » अपराध » गांधी कॉलोनी में छात्रों के दो गुटों में भिड़ंत, फायरिंग से मची अफरातफरी; CCTV में कैद हुई घटना

गांधी कॉलोनी में छात्रों के दो गुटों में भिड़ंत, फायरिंग से मची अफरातफरी; CCTV में कैद हुई घटना

Facebook
X
WhatsApp

मुजफ्फरनगर: नई मंडी कोतवाली क्षेत्र स्थित गांधी कॉलोनी रविवार शाम अचानक रणक्षेत्र में तब्दील हो गई, जब दो छात्र गुटों के बीच मामूली कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया। देखते ही देखते दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और गली नंबर 12 में जमकर मारपीट शुरू हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विवाद के दौरान फायरिंग भी की गई, जिससे क्षेत्र में दहशत फैल गई।

पूरी घटना पास ही एक मकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वायरल फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि छात्र एक-दूसरे का पीछा करते हुए गली में दौड़ रहे हैं। मारपीट के बीच अचानक हुई फायरिंग से अफरातफरी मच जाती है और युवक जान बचाकर इधर-उधर भागते नजर आते हैं। इसी दौरान एक बाइक पर सवार तीन छात्र तेजी से भागने की कोशिश में असंतुलित होकर सड़क पर गिरते भी दिखाई दे रहे हैं।

घटना की सूचना मिलते ही नई मंडी पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रण में लिया। पुलिस ने घटनास्थल से एक खोखा कारतूस बरामद किया है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दो छात्रों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मामले की जानकारी देते हुए सीओ नई मंडी राजू कुमार साव ने बताया कि शाम लगभग छह बजे स्थानीय लोगों द्वारा सूचना दी गई थी कि गांधी कॉलोनी में दो युवक गुटों के बीच मारपीट और फायरिंग हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। सीसीटीवी फुटेज में दो गुटों के बीच आपसी विवाद और मारपीट की पुष्टि हुई है। हालांकि इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।

सीओ मंडी के अनुसार अभी तक विवाद के कारण स्पष्ट नहीं हो पाए हैं। स्थानीय लोगों ने भी घटना की पृष्ठभूमि को लेकर स्पष्ट जानकारी नहीं दी है। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। जांच के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर संबंधित आरोपियों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद से गांधी कॉलोनी क्षेत्र में एहतियातन पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है, ताकि दोबारा कोई अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो सके।

वहीं, वार्ड सभासद अमित पटपटिया ने घटना पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि क्षेत्र में छोटी-छोटी बातों को लेकर आए दिन तनाव की स्थिति बन जाती है। उन्होंने बताया कि विशेष रूप से शाम चार बजे से सात बजे के बीच माहौल अधिक संवेदनशील रहता है। सभासद ने पुलिस प्रशासन से नियमित गश्त बढ़ाने और असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest News

Gold and Silver price

Share Market