Home » अपराध » रेंटल कैमरों के ‘लुटेरे’ गिरोह का पर्दाफाश, लाखों के हाईटेक उपकरणों समेत तीन शातिर दबोचे

रेंटल कैमरों के ‘लुटेरे’ गिरोह का पर्दाफाश, लाखों के हाईटेक उपकरणों समेत तीन शातिर दबोचे

Facebook
X
WhatsApp

मुजफ्फरनगर: नई मंडी कोतवाली पुलिस ने एक ऐसे शातिर गिरोह को बेनकाब किया है, जिसने वीडियोग्राफी की आड़ में कीमती कैमरों की लूट को अंजाम दिया था।रेंटल फर्म के कर्मचारी को झांसा देकर नोएडा से मुजफ्फरनगर लाने और फिर रास्ते में लूटकर फरार होने वाले तीन बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इनके कब्जे से लूटा गया लाखों का सामान शत-प्रतिशत बरामद कर लिया गया है।

वारदात का तरीका: हाईवे पर रुके और फिर लूट:

सीओ मंडी राजू कुमार साव के मुताबिक आरोपियों ने अपराध के लिए एक सुनियोजित ‘मोडस ऑपेरंडी’ अपनाई थी। दिल्ली की नामचीन कैमरा रेंटल फर्म ‘कैमोरेन्ट’ को टारगेट किया। पहले खुद को वीडियोग्राफर बताकर भरोसा जीता और फिर व्हाट्सएप के जरिए कीमती कैमरा बुक किया।

अपहरण नुमा लूट: सीओ मंडी राजू कुमार साव ने बताया कि 13 फरवरी को जब फर्म का कर्मचारी सामान लेकर नोएडा पहुंचा, तो उन्होंने कर्मचारी को अपनी गाड़ी में बैठा लिया और शूट करने का बहाना बनाकर देहरादून के लिए रवाना हुए। जैसे ही गाड़ी मुजफ्फरनगर के जानसठ फ्लाईओवर के पास पहुंची, तो आरोपियों ने सुनसान जगह का फायदा उठाया। कर्मचारी ने लघुशंका करने की बात कही, जिसका फायदा उठाया। कर्मचारी के गाड़ी से नीचे उतरते ही, आरोपी लाखों के कैमरे और गिम्बल लेकर फरार हो गए।

पुलिस ने ऐसे कस शिकंजा:

एसएसपी संजय कुमार वर्मा के निर्देशन में थाना नई मण्डी पुलिस ने त्रिकोणीय रणनीति अपनाई। आरोपियों द्वारा इस्तेमाल किए गए व्हाट्सएप नंबर और डिजिटल फुटप्रिंट्स को खंगाला गया। इसी के साथ नोएडा से मुजफ्फरनगर तक के टोल प्लाजा और हाईवे के CCTV कैमरों की मदद से संदिग्ध वाहन की पहचान की गई। इसके बाद रविवार को मुखबिर की सटीक सूचना पर पुलिस ने भोपा फ्लाईओवर के पास जाल बिछाया। पुलिस की मुस्तैदी के आगे बदमाशों की एक न चली। आरोपी विपिन पुत्र देवेन्द्र कुमार निवासी खेडा थाना जानसठ मुजफ्फरनगर (हाल पता बरौला थाना सेक्टर 49 जनपद गौतमबुद्धनगर), सनी पुत्र सतपाल निवासी खुर्रमपुर थाना मुरादनगर, गाजियाबाद और हिमांशु पुत्र देवेन्द्र निवासी मौहल्ला बिचपटा कस्बा व थाना मुरादनगर, गाजियाबाद को गिरफ्तार कर लिया गया।

आरोपियों के कब्जे से यह हुई बरामदगी:

पुलिस ने लुटेरों के पास से वीडियोग्राफी में इस्तेमाल होने वाले अंतरराष्ट्रीय स्तर के उपकरण बरामद किए हैं।

  • Sony FX-3 कैमरा: सिनेमा ग्रेड का अत्याधुनिक कैमरा।
  • DJI RS-4 Pro गिम्बल: स्टेबलाइजेशन के लिए इस्तेमाल होने वाला महंगा सेट।
  • प्राइम लेंस: सोनी कंपनी के 05 उच्च गुणवत्ता वाले लेंस।
  • एक्सेसरीज: 7 इंच का मॉनिटर, एनडी फिल्टर और प्रोफेशनल बैग।

आरोपियों ने पूछताछ में बताया:

गिरफ्तार किए गए आरोपियों विपिन, सनी और हिमांशु ने पूछताछ में बताया कि वीडियोग्राफी के काम में जानकारी होने के कारण उन्होंने लालच में आकर इस बड़ी लूट की योजना बनाई थी। लूटे गए सभी सामान को वह बेचने की फिराक में थे।

 

Advt Me & Mom

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest News

Gold and Silver price

Share Market