- क्रांति सेना महिला मोर्चा ने धूमधाम से मनाया अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस
मुजफ्फरनगर: अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर प्रकाश चौक स्थित क्रांति सेना कार्यालय भगवा रंग और नारी शक्ति के जयघोष से गूंज उठा। क्रांति सेना महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष पूनम चौधरी के नेतृत्व में आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और स्वावलंबन पर विस्तार से चर्चा की गई।
जिला अध्यक्ष पूनम चौधरी ने दिया संदेश:
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष पूनम चौधरी ने महिलाओं को अपनी शक्ति पहचानने का आह्वान किया। उन्होंने अपने कड़े और स्पष्ट शब्दों में कहा कि आज महिला किसी की दया की पात्र नहीं है, वह स्वयं शक्ति का रूप है। हमारा संकल्प है कि हर बेटी को न केवल उचित शिक्षा मिले, बल्कि उसे अपने सपनों की उड़ान भरने की पूरी आजादी मिले। जब तक महिला आर्थिक रूप से सशक्त और अपने पैरों पर खड़ी नहीं होगी, तब तक समाज का पूर्ण विकास संभव नहीं है। हमें अपनी सुरक्षा के लिए भी स्वयं को तैयार करना होगा।
वहीं, जिला उपाध्यक्ष सुमन विश्वकर्मा ने अपनी ओजस्वी कविता से महिलाओं को प्रेरित किया और बेटियों को अच्छे संस्कारों के साथ उच्च शिक्षा देने पर जोर दिया। जिला उपाध्यक्ष पूनम चाहल ने कहा कि घर से लेकर विद्यालय और देश की उन्नति तक, महिलाओं के बिना कोई भी कार्य पूरा नहीं हो सकता। उन्होंने ‘आत्मरक्षा’ को ईश्वर की कृपा पाने की पहली सीढ़ी बताया। कार्यक्रम का संचालन शिवसेना जिला अध्यक्ष बिट्टू सिखेड़ा ने किया, जिन्होंने संगठन की एकजुटता पर बल दिया।
अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति:
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में हिंदू शक्ति संगठन की राष्ट्रीय अध्यक्ष सरिता शर्मा अरोड़ा, गीता ठाकुर, सुनीता अग्रवाल और रिया जैन मौजूद रहीं। इन सभी ने समाज निर्माण में महिलाओं की भूमिका की सराहना की। इनके अलावा मिथिलेश गिरी, निधि शर्मा, अनोखी दुबे, मोनिका प्रजापति, सविता गौतम, सुशीला, सीमा, पूजा सहित बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ताओं ने भाग लिया और अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस को एक उत्सव के रूप में मनाया।




