Home » मुजफ्फरनगर » मुजफ्फरनगर में ‘गैस’ का संकट: ईरान-अमेरिका युद्ध के बीच रसोई ठंडी, केवाईसी के नाम पर ‘पुराने दौर’ में लौटे उपभोक्ता

मुजफ्फरनगर में ‘गैस’ का संकट: ईरान-अमेरिका युद्ध के बीच रसोई ठंडी, केवाईसी के नाम पर ‘पुराने दौर’ में लौटे उपभोक्ता

Facebook
X
WhatsApp

मुजफ्फरनगर। दुनिया के एक कोने में ईरान और अमेरिका के बीच चल रहे युद्ध के बादलों ने मुजफ्फरनगर की रसोइयों में चिंता की आग लगा दी है। वैश्विक तनाव का असर अब सीधे आम आदमी की थाली पर पड़ता दिख रहा है। जिले में गैस सिलेंडरों की किल्लत और केवाईसी (KYC) की पेचीदगियों ने उपभोक्ताओं को कड़ाके की धूप और लंबी कतारों में खड़े होने पर मजबूर कर दिया है। आलम यह है कि लोग सुबह की चाय छोड़कर गैस एजेंसियों के चक्कर काट रहे हैं।

डिजिटल इंडिया में ‘मैन्युअल’ परेशानी:

आर्य पुरी स्थित आधुनिक गैस सर्विस (इंडियन गैस एजेंसी) के बाहर का नजारा कुछ ऐसा है जैसे वक्त का पहिया 20 साल पीछे घूम गया हो। घंटों लाइन में लगे गौरव कुमार का दर्द छलका, उन्होंने कहा कि सरकार डिजिटल इंडिया की बात करती है, लेकिन हमें फिर से उसी पुराने दौर की याद दिला दी गई है जब एक सिलेंडर के लिए पूरा दिन लाइन में जाया होता था। सुविधाओं के नाम पर अब सिर्फ खानापूर्ति और परेशानी बची है।

KYC का चक्रव्यूह: बुजुर्ग और महिलाएं बेहाल:

एक तरफ गैस बुकिंग में तकनीकी दिक्कतें आ रही हैं, तो दूसरी तरफ ‘केवाईसी’ अपडेट कराने का फरमान बुजुर्गों पर भारी पड़ रहा है। बुजुर्ग उमरदराज का कहना है कि कागजों पर तो सब कुछ ऑनलाइन है, लेकिन हकीकत में उन्हें दफ्तरों की धूल फांकनी पड़ रही है। गृहणी पूजा की चिंता जायज है, उनका कहना है कि अगर वक्त पर सिलेंडर नहीं मिला तो घर का चूल्हा ठंडा पड़ जाएगा। बच्चों के स्कूल से लेकर परिवार के भोजन तक, सब कुछ अधर में लटका है।

संकट के पीछे की ‘कड़वी’ सच्चाई:

वैश्विक तनाव: ईरान-अमेरिका युद्ध के चलते कच्चे तेल और गैस की आपूर्ति शृंखला (Supply Chain) पर पड़ने वाला दबाव अब स्थानीय स्तर पर दिखने लगा है। बुकिंग में रुकावट: सर्वर की समस्या और केवाईसी अपडेट न होने के कारण हजारों लोगों की बुकिंग अटकी हुई है। स्थानीय गैस एजेंसियों पर बढ़ती भीड़ को संभालने के लिए कोई पुख्ता इंतजाम नहीं दिख रहे हैं।

सीएम योगी का सख्त निर्देश:

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में पेट्रोल, डीजल, गैस की जमाखोरी करने वालों के लिए सख्त फरमान जारी किया है। जमाखोरी करने वालों के खिलाफ कड़ा एक्शन लिया जाएगा। उन्होंने निर्देश दिए कि खाद्य एवं रसद विभाग के अफसर फील्ड में रहकर निगरानी करेंगे। हर हाल में आपूर्ति बहाल रखने का भी सीएम ने आदेश दिया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में कहीं भी पेट्रोल, डीजल, गैस की कमी नहीं है।

जनता का सवाल:

अब, मुजफ्फरनगर की जनता पूछ रही है कि आखिर सुविधाओं का दावा करने वाला सिस्टम संकट के समय इतना असहाय क्यों हो जाता है? यदि जल्द ही आपूर्ति और केवाईसी की प्रक्रिया को सरल नहीं किया गया, तो  स्थिति और भी गंभीर हो सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest News

Gold and Silver price

Share Market