मुजफ्फरनगर: जिला चिकित्सालय स्थित DCDC किडनी केयर (डायलिसिस यूनिट) में गुरुवार को ‘विश्व किडनी दिवस’ के अवसर पर एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों ने केक काटकर खुशियां मनाईं और मरीजों को किडनी रोगों के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य डायलिसिस पर निर्भर मरीजों का मनोबल बढ़ाना और उन्हें किडनी स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना रहा। चिकित्सकों ने कहा कि सही देखभाल और संकल्प से बीमारी के साथ भी जीवन को बेहतर ढंग से जिया जा सकता है।
चिकित्सकों ने बढ़ाया मरीजों का मनोबल:

कार्यक्रम में स्वामी कल्याण देव राजकीय जिला चिकित्सालय के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. संजय कुमार वर्मा, वरिष्ठ फिजिशियन डॉ. योगेंद्र त्रिखा, और हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. पीके चतुर्वेदी ने डायलिसिस यूनिट का भ्रमण कर मरीजों का हाल जाना और उन्हें मानसिक रूप से मजबूत रहने की प्रेरणा दी। इस दौरान फार्मासिस्ट अनिल कुमार और यूनिट मैनेजर सोनू कुमार भी उपस्थित रहे।
विशेषज्ञों के विचार: बचाव ही समाधान:
मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. संजय कुमार वर्मा ने कहा कि किडनी हमारे शरीर का एक महत्वपूर्ण अंग है। किडनी की बीमारी शारीरिक के साथ-साथ मानसिक रूप से भी चुनौतीपूर्ण होती है। आजकल की भागदौड़ भरी जिंदगी और गलत खान-पान के कारण किडनी रोगों के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। समय-समय पर जांच और पर्याप्त पानी का सेवन किडनी को स्वस्थ रखने के लिए बेहद जरूरी है। जिला अस्पताल में मरीजों को उच्च स्तरीय डायलिसिस सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं।
वरिष्ठ फिजिशियन डॉ. योगेंद्र त्रिखा ने बताया:
डायबिटीज और हाई ब्लड प्रेशर के मरीजों को अपनी किडनी का विशेष ख्याल रखना चाहिए। यदि समय रहते लक्षणों की पहचान कर ली जाए, तो किडनी को गंभीर क्षति होने से बचाया जा सकता है। आज के आयोजन का मुख्य उद्देश्य लोगों को जागरूक करना है ताकि वे बीमारी की गंभीर अवस्था तक न पहुँचें।
मरीजों का बढ़ा उत्साह:

डायलिसिस केंद्र के मैनेजर सोनू कुमार ने बताया कि (DCDC) किडनी केयर यूनिट में मरीजों की सुविधा और हाइजीन का पूरा ध्यान रखा जाता है। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित स्टाफ ने किडनी सुरक्षा की शपथ ली। सोनू कुमार ने अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यूनिट का स्टाफ मरीजों की सेवा के लिए सदैव तत्पर है। कार्यक्रम में मौजूद चिकित्सकों ने बताया कि समय पर जांच और स्वस्थ जीवनशैली अपनाकर ही इस गंभीर बीमारी के जोखिम को कम किया जा सकता है। इस दौरान यूनिट का समस्त नर्सिंग स्टाफ और मरीज मौजूद रहे।




