मुजफ्फरनगर: जनपद में नशे के सौदागरों के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन सवेरा’ के तहत तितावी पुलिस ने एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। पुलिस ने बरेली से स्मैक लाकर मुजफ्फरनगर और आसपास के जिलों में सप्लाई करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए दो शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से 270 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 50 लाख रुपये है।
घेराबंदी कर दबोचे गए तस्कर:
थानाध्यक्ष तितावी पवन कुमार अपनी टीम के साथ तितावी पुल के पास संदिग्धों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान दो बाइकों पर सवार चार युवक आते दिखाई दिए। पुलिस को देखते ही आरोपियों ने भागने की कोशिश की, लेकिन टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए एक बिना नंबर की स्पलैण्डर मोटरसाइकिल को घेर लिया और उस पर सवार दो युवकों को दबोच लिया। अंधेरे का फायदा उठाकर इनके दो अन्य साथी फरार होने में सफल रहे।
बरेली से लाते थे खेप, ऊंचे दामों पर बेचते थे नशा:
पकड़े गए आरोपियों ने पूछताछ में कुबूल किया कि वे बरेली से भारी मात्रा में स्मैक खरीदकर लाते हैं और उसे जनपद के विभिन्न स्थानों पर फुटकर में ऊंचे दामों पर बेचकर अवैध आर्थिक लाभ कमाते हैं। पुलिस अब इनके फरार साथियों और बरेली के मुख्य सप्लायरों की तलाश में जुट गई है।
इन आरोपियों को किया गिरफ्तार:
- रब्बान पुत्र अफसर, निवासी सिवालखास, थाना जानी, मेरठ।
- दानिश पुत्र अश्फाक, निवासी जौला, थाना बुढाना, मुजफ्फरनगर।
यह की गई बरामदगी:
- 270 ग्राम अवैध स्मैक (कीमत करीब 50 लाख रुपये)
- 01 स्पलैण्डर मोटरसाइकिल (बिना नंबर प्लेट)
“नशे के अंधकार से जीवन के उजाले की ओर” संकल्प के साथ तितावी पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया है। इस सफल कार्रवाई में क्षेत्राधिकारी बुढाना गजेन्द्र पाल सिंह, थानाध्यक्ष पवन कुमार, उपनिरीक्षक रोहित कुमार, अमित कुमार और कांस्टेबल संजय, नवीन व ललित की मुख्य भूमिका रही। –आदित्य बंसल, एसपी देहात




