Home » अपराध » गुनाह का ‘गादला’: जिस गांव में कभी नहीं हुआ झगड़ा, वहां ‘इश्क के इंतकाम’ में सरेराह कत्ल

गुनाह का ‘गादला’: जिस गांव में कभी नहीं हुआ झगड़ा, वहां ‘इश्क के इंतकाम’ में सरेराह कत्ल

Facebook
X
WhatsApp

मुजफ्फरनगर: जनपद के थाना भोपा क्षेत्र का गांव शाहदरा बांगर (गादला) अपनी शांति और सौहार्द के लिए जाना जाता था। पुलिस रिकॉर्ड गवाही देते हैं कि यहाँ कभी मामूली विवाद की शिकायत तक थाने नहीं पहुँची, लेकिन सोमवार की रात इसी शांत गांव की गलियां गोलियों की तड़तड़ाहट और चीख-पुकार से दहल उठीं। एक पुराने ‘प्रेम प्रसंग’ के चलते उपजी रंजिश ने गांव के दामन पर हत्या का पहला दाग लगा दिया है।

सफेद रिकॉर्ड वाले गांव में खूनी खेल:

पुलिस प्रशासन के लिए यह घटना इसलिए भी हैरान करने वाली है, क्योंकि शाहदरा बांगर का पिछला इतिहास पूरी तरह बेदाग रहा है। ग्रामीणों और पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, इस गांव से कभी किसी विवाद या झगड़े की तहरीर थाने नहीं आई थी। लेकिन सोमवार रात करीब सवा आठ बजे मनोज और उसके साथियों ने 27 वर्षीय अक्षय कुमार की सरेआम हत्या कर इस शांति को भंग कर दिया।

पूरी वारदात: घेरकर पहले दरांती मारी, फिर दागी गोली

गांव गादला अक्षय कुमार नई दिल्ली की एक निजी कंपनी में कार्यरत था और रविवार को ही गांव लौटा था। सोमवार रात जब वह किसी काम से घर से निकला, तो मुख्य मार्ग पर घात लगाकर बैठे मनोज, उसके बेटे और भतीजे ने उसे घेर लिया। हमलावरों को देख अक्षय ने एक पास के घर में छिपकर जान बचाने का प्रयास किया, लेकिन आरोपियों ने उसे खींच लिया। हमलावरों ने पहले अक्षय पर दरांती से ताबड़तोड़ वार किए। जब वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा, तो आरोपियों ने तमंचे से उसे गोली मार दी। अक्षय ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

पुरानी रंजिश: ‘वो’ बच गया था, पर मौत ने अब लिया हिसाब

इस हत्याकांड के पीछे की कहानी छह महीने पुरानी है। एसपी संजय कुमार वर्मा ने बताया कि मुख्य आरोपी मनोज की पत्नी गीता और अक्षय के बीच अवैध संबंध थे। करीब छह माह पहले गीता और अक्षय ने साथ जीने-मरने की कसम खाकर जहरीला पदार्थ खा लिया था। उस घटना में गीता की मौत हो गई थी, लेकिन अक्षय इलाज के बाद बच गया था। मनोज अपनी पत्नी की मौत का जिम्मेदार अक्षय को ही मानता था और तभी से इंतकाम की आग में जल रहा था।

पुलिस की कार्रवाई:

वारदात की सूचना मिलते ही एसएसपी संजय कुमार वर्मा, एसपी देहात आदित्य बंसल और क्षेत्राधिकारी भोपा देवव्रत वाजपेयी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एसएसपी का कहना है कि शांतिप्रिय गांव में इस तरह की वारदात गंभीर है। तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ तहरीर मिल गई है, गिरफ्तारी के लिए टीमें दबिश दे रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest News

Gold and Silver price

Share Market