Home » मुजफ्फरनगर » शक्ति की भक्ति: पुलिस लाइन में 151 कन्याओं के पूजन से गूंजा मिशन शक्ति का जयघोष

शक्ति की भक्ति: पुलिस लाइन में 151 कन्याओं के पूजन से गूंजा मिशन शक्ति का जयघोष

Facebook
X
WhatsApp

मुजफ्फरनगर: चैत्र नवरात्र और रामनवमी के पावन पर्व पर रिजर्व पुलिस लाइन भक्ति और शक्ति के अनूठे संगम की साक्षी बनी। ‘मिशन शक्ति फेज-5’ (द्वितीय चरण) के अंतर्गत आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में 151 कन्याओं और 20 लांगूरों का विधि-विधान से पूजन कर महिला सशक्तिकरण का शंखनाद किया गया। इस दौरान समाज को महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण का सशक्त संदेश भी दिया गया।

भक्ति भाव से महका मंदिर प्रांगण:

कार्यक्रम की शुरुआत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा, उनकी धर्मपत्नी डॉ. नीलम राय, नगर पालिका चेयरपर्सन मीनाक्षी स्वरूप और नोडल अधिकारी (मिशन शक्ति) एसपी क्राइम इन्दु सिद्धार्थ द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ की गई। पुलिस लाइन के मंदिर प्रांगण में पूरी श्रद्धा के साथ 151 कन्याओं और 20 लांगूरों के पैर पखारे गए, उन्हें तिलक लगाया गया और उपहार भेंट कर सम्मानित किया गया।

भयमुक्त समाज की नींव हैं हमारी बेटियां :एसएसपी

एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने जनता को संबोधित करते हुए एक सकारात्मक संदेश दिया। उन्होंने कहा कि रामनवमी का यह पर्व हमें मर्यादा और शक्ति का बोध कराता है। आज का यह आयोजन केवल एक धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि समाज को यह याद दिलाने का संकल्प है कि हर बेटी के सम्मान की रक्षा करना पुलिस और नागरिक, दोनों का साझा कर्तव्य है। मुजफ्फरनगर पुलिस का ‘मिशन शक्ति’ अभियान हर महिला को यह विश्वास दिलाता है कि वह सुरक्षित है और प्रशासन सदैव उनके साथ खड़ा है।

डॉ. नीलम राय का प्रेरक संदेश: आत्मविश्वास ही सबसे बड़ा गहना

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक की धर्मपत्नी डॉ. नीलम राय ने उपस्थित बालिकाओं और उनकी माताओं को प्रेरित करते हुए कहा कि बेटियों को केवल लाड़-प्यार ही नहीं, बल्कि उन्हें स्वावलंबी और जागरूक बनाना भी जरूरी है। आज की बेटियों को अपनी सुरक्षा के प्रति सतर्क रहना चाहिए। आत्मविश्वास ही उनका सबसे बड़ा गहना है। यदि वे जागरूक रहेंगी, तो कोई भी उनके हौसलों को डिगा नहीं पाएगा।

सुरक्षित बेटी ही मुजफ्फरनगर की पहचान: मीनाक्षी स्वरूप

नगर पालिका परिषद मुजफ्फरनगर की चेयरपर्सन मीनाक्षी स्वरूप ने कहा कि नगर की प्रथम नागरिक होने के नाते मेरा मानना है कि कन्या पूजन जैसे आयोजन समाज में बेटियों के प्रति सम्मान की भावना को गहरा करते हैं। पुलिस प्रशासन की यह पहल सराहनीय है। हमें बेटियों को ऐसे संस्कार देने होंगे कि वे अपनी सुरक्षा के साथ-साथ समाज के निर्माण में भी अग्रणी भूमिका निभा सकें। सुरक्षित बेटी ही समृद्ध मुजफ्फरनगर की पहचान है।

सुरक्षा का पाठ: गुड टच-बैड टच पर जागरूकता

पूजन के उपरांत, कन्याओं और उनके अभिभावकों को एक लघु फिल्म के माध्यम से “गुड टच-बैड टच” के संवेदनशील विषय पर विस्तार से जानकारी दी गई। नोडल अधिकारी इन्दु सिद्धार्थ और क्षेत्राधिकारी जानसठ रूपाली राय चौधरी ने बालिकाओं को बताया कि असुरक्षा महसूस होने पर वे बिना झिझक पुलिस की मदद लें।

मिशन शक्ति: सुरक्षा और विश्वास का वातावरण

मुजफ्फरनगर पुलिस का यह प्रयास समाज में महिलाओं और बालिकाओं के प्रति सम्मान बढ़ाने और उन्हें उनके अधिकारों के प्रति सजग करने की दिशा में एक बड़ा कदम है। प्रतिसार निरीक्षक ऊदल सिंह सहित अन्य अधिकारियों की उपस्थिति में संपन्न हुए इस कार्यक्रम ने यह स्पष्ट कर दिया कि पुलिस और समाज के आपसी समन्वय से ही एक सुरक्षित जनपद का निर्माण संभव है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest News

Gold and Silver price

Share Market