मुजफ्फरनगर: “गुडबाय एवरीवन… अगर कोई गलती हुई हो तो माफ कर देना, अब से कोई गलती नहीं होगी।” 17 साल के मासूम छात्र के ये आखिरी शब्द आज हर किसी की आंखें नम कर रहे हैं। मुजफ्फरनगर के थाना सिविल लाइन क्षेत्र की साकेत कॉलोनी में उस वक्त मातम पसर गया, जब कक्षा 11 के छात्र कृष्णा भारद्वाज ने परीक्षा में फेल होने के सदमे में मौत को गले लगा लिया।
पूरी क्लास पास, अकेला कृष्णा रह गया पीछे:
मिली जानकारी के अनुसार, अनुज भारद्वाज का पुत्र कृष्णा नई मंडी स्थित ‘ग्रीन चैंबर पब्लिक स्कूल’ में 11वीं कक्षा का छात्र था। कृष्णा के दोस्तों का आरोप है कि स्कूल का परिणाम आने पर पूरी क्लास के छात्र पास हो गए, लेकिन केवल कृष्णा को फेल हो गया। इस बात ने कृष्णा के मन पर इतना गहरा आघात किया कि उसने जीवन को ही समाप्त करने का आत्मघाती कदम उठा लिया।
सुसाइड नोट में लिखा मोबाइल का पासवर्ड:
कृष्णा ने फांसी लगाने से पहले एक भावुक सुसाइड नोट छोड़ा है, जो उसकी मानसिक पीड़ा को साफ बयां करता है। कागज के उस टुकड़े पर उसने लिखा— “Goodbye Everyone, अगर कोई गलती हुई हो तो माफ कर देना। अब से कोई गलती नहीं होगी।” इतना ही नहीं, उसने अपने आईफोन का पासवर्ड ‘2525’ भी नोट में लिखा, ताकि उसके जाने के बाद परिजन उसका फोन एक्सेस कर सकें। अंत में उसने अपने हस्ताक्षर (Signature) भी किए।
अस्पताल ले गए परिजन, पर थम चुकी थीं सांसें:
जैसे ही परिजनों ने कृष्णा को फंदे पर लटका देखा, घर में कोहराम मच गया। आनन-फानन में उसे जिला चिकित्सालय की इमरजेंसी ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल प्रशासन की सूचना पर पहुंची सिविल लाइन पुलिस ने कागजी कार्रवाई शुरू की, हालांकि परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। पुलिस ने पंचायतनामा भरकर शव परिजनों को सौंप दिया है।
स्कूल प्रबंधन की चुप्पी पर सवाल:
इस दुखद घटना के बाद जब मीडिया ने ‘ग्रीन चैंबर पब्लिक स्कूल’ के प्रधानाचार्य से उनका पक्ष जानने के लिए संपर्क करना चाहा, तो उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया। वहीं, बदहवास परिजन अभी कुछ भी बोलने की स्थिति में नहीं हैं।
I भारत की टिप्पणी: यह घटना हमें सोचने पर मजबूर करती है कि क्या परीक्षाओं के अंक किसी मासूम की जान से ज्यादा कीमती हैं? बच्चों पर पढ़ाई का बढ़ता दबाव और असफलता का डर आज हमारी युवा पीढ़ी को अंधेरे की ओर धकेल रहा है।




