मुजफ्फरनगर: जनपद का तितावी थाना इस समय पुलिस महकमे के लिए नजीर कम और शर्मिंदगी का सबब ज्यादा बन गया है। आलम यह है कि पिछले 15 दिनों के भीतर थानाध्यक्ष और चौकी प्रभारी समेत 6 पुलिसकर्मियों को सस्पेंड किया जा चुका है। यह आंकड़ा बताता है कि तितावी थाने की जड़ों में भ्रष्टाचार का घुन कितनी गहराई तक लग चुका है।
15 दिन में ‘क्लीन स्वीप’: थानाध्यक्ष से सिपाही तक नपे
तितावी थाने में चल रहे ‘खेल’ का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि यहां दो हफ्तों के भीतर पूरी की पूरी चेन साफ हो गई।
- पहली गाज (छह अप्रैल): बघरा चौकी प्रभारी रोहित चौधरी और दो सिपाहियों को निलंबित किया गया। जिन्होंने एक कबाड़ी को छोड़ने के नाम पर रुपयों की डिमांड की थी।
- दूसरी गाज (19 अप्रैल): स्वयं थानाध्यक्ष पवन चौधरी और दो अन्य सिपाही इसकी चपेट में आए। आरोप लगा कि 50 लाख की स्मैक पकड़ने वाली टीम ने तस्करों का नाम निकालने के लिए 2.80 लाख रुपये का सौदा कर लिया था।
कमीशन का ‘क्लेश’ और वायरल ऑडियो:
इस बार मामला और भी दिलचस्प है। चर्चा है कि पुलिस और ड्रग्स माफिया के बीच डील एक ‘बिचौलिए महिला’ के जरिए हुई, जब पुलिसकर्मियों को लगा कि महिला ने कमीशन में सेंधमारी की है, तो पुलिसकर्मियों को यह नागवार गुजरा। इसी आपसी खींचतान में वह ऑडियो बाहर आ गया, जिससे पूरा मामला उजागर हो गया।
सियासी गलियारों में गूंज: जब संसद तक पहुंची ‘स्मैक’ की महक

यह महज इत्तेफाक नहीं है कि सपा सांसद हरेंद्र मलिक ने लोकसभा में मुजफ्फरनगर के ड्रग्स माफिया और पुलिस की साठगांठ का मुद्दा उठाया और उसके तुरंत बाद यह बड़ा धमाका हुआ। सांसद के तेवरों ने पुलिस प्रशासन को बैकफुट पर धकेल दिया है। तितावी थाने की कार्यशैली पर उठे सवालों ने अब शासन स्तर पर भी खलबली मचा दी है।
एसएसपी का सख्त रुख: “मछली चाहे छोटी हो या बड़ी, तालाब गंदा करने वाले बाहर होंगे”

मुजफ्फरनगर एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने इस पूरे प्रकरण को एक ‘सफाई अभियान’ की तरह लिया है। उनका कहना है जीरो टोलरेंस के तहत यह कार्रवाई की गई है।
निलंबन की यह कार्रवाई इस बात का प्रमाण है कि मुजफ्फरनगर पुलिस में भ्रष्टाचार के लिए कोई जगह नहीं है। तितावी थाने की घटनाओं की गहराई से जांच करने के लिए एसपी देहात अक्षय संजय को निर्देश दिए गए है। हम जनता को यह विश्वास दिलाते हैं कि पुलिसिंग पूरी तरह पारदर्शी होगी और जो भी दोषी पाया जाएगा, उस पर कार्रवाई की जाएगी” –संजय कुमार वर्मा, एसएसपी, मुजफ्फरनगर।
–ब्यूरो रिपोर्ट, मुजफ्फरनगर।




