मुजफ्फरनगर: जनपद के तितावी थाना क्षेत्र के नसीरपुर गांव में सोमवार को एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। यहाँ आंगनबाड़ी केंद्र में पढ़ने गए छह वर्षीय मासूम सत्यम की बिजली का करंट लगने से मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना के बाद मृतक के परिजनों और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा, जिन्होंने तितावी थाने में शव रखकर जमकर हंगामा किया और बिजली विभाग व आंगनबाड़ी प्रशासन पर लापरवाही के गंभीर आरोप लगाए।
टॉयलेट करने गया था मासूम, खंभे में उतरा था मौत का करंट:
नसीरपुर निवासी सोनू का छह वर्षीय पुत्र सत्यम हर रोज की तरह सुबह आंगनबाड़ी केंद्र में पढ़ने गया था। बताया जा रहा है कि केंद्र परिसर में ही लगे एक हाईमास्ट लाइट के खंभे के पास जब बच्चा टॉयलेट करने गया, तो उसका पैर अनजाने में खंभे से टच हो गया। संभवतः रात में हुई बारिश के कारण खंभे में करंट उतरा हुआ था, जिसकी चपेट में आने से मासूम सत्यम की मौके पर ही मौत हो गई।
परिजनों का थाने में हंगामा, लापरवाही पर उठे सवाल:
बच्चे की मौत की खबर फैलते ही गांव में मातम और आक्रोश फैल गया। ग्रामीण और परिजन मासूम के शव को लेकर तितावी थाने पहुंचे और वहां शव रखकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। परिजनों का कहना है कि यह सीधे तौर पर बिजली विभाग और आंगनबाड़ी केंद्र की लापरवाही है। उन्होंने सवाल उठाया कि जिस परिसर में छोटे बच्चे पढ़ते हैं, वहां खुले खंभों और बिजली के तारों की सुरक्षा पुख्ता क्यों नहीं थी?
किसान नेता पूरन सिंह ने पहुंचकर शांत कराया मामला:

थाने में हंगामे की सूचना मिलते ही भारतीय किसान मजदूर संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष ठाकुर पूरन सिंह भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने शोकाकुल परिजनों को ढांढस बंधाया और मामले की गंभीरता को देखते हुए उन्हें शांत कराया। पूरन सिंह ने पुलिस और प्रशासन से निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए परिजनों को पोस्टमार्टम कराने के लिए राजी किया, ताकि मौत के कारणों की आधिकारिक पुष्टि हो सके और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
प्रशासनिक जांच का आश्वासन:
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी का कहना है कि परिजनों की तहरीर और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद से पूरे गांव में गमगीन माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।




