Home » मुजफ्फरनगर » मुजफ्फरनगर में ‘ऑपरेशन क्लीन’: 24 घंटे में चार मुठभेड़, 20 हजारी इनामी समेत पांच बदमाश गोली लगने से घायल

मुजफ्फरनगर में ‘ऑपरेशन क्लीन’: 24 घंटे में चार मुठभेड़, 20 हजारी इनामी समेत पांच बदमाश गोली लगने से घायल

Facebook
X
WhatsApp

मुजफ्फरनगर: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जनपद में अपराधियों के हौसले पस्त करने के लिए पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई जारी है। पिछले 24 घंटों के भीतर जनपद के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में पुलिस और बदमाशों के बीच चार बड़ी मुठभेड़ हुईं। इन मुठभेड़ों में 20 हजार का इनामी गैंगस्टर और शातिर गौकश समेत कुल 5 बदमाशों को गोली लगी है, जबकि एक अन्य को पुलिस ने घेराबंदी कर दबोच लिया। पुलिस ने बदमाशों के कब्जे से भारी मात्रा में अवैध असलहे, लूट का माल और वाहन बरामद किए हैं।

किशोरी को अगवा कर कराना चाहता था धर्म परिवर्तन:

नई मण्डी कोतवाली पुलिस को सूचना मिली थी कि एक किशोरी को प्रेमजाल में फंसाकर धर्म परिवर्तन और निकाह की नीयत से अपहरण करने वाला आरोपी शाहरूख उर्फ मोनू सहावली के पास छिपा है। घेराबंदी के दौरान शाहरुख ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में वह गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने किशोरी को पहले ही सकुशल बरामद कर लिया था। आरोपी के पास से अवैध तमंचा बरामद हुआ है।

20 हजार का इनामी गैंगस्टर गिरफ्तार:

नगर कोतवाली क्षेत्र की राम लीला टिल्ला चौकी प्रभारी निरीक्षक विक्रांत कुमार अपनी टीम के साथ काली नदी पुल पर चेकिंग कर रही थे, तभी बाइक सवार नितिन उर्फ हरिओम (निवासी गाजियाबाद) ने भागने का प्रयास किया। पुलिस की जवाबी फायरिंग में नितिन घायल हो गया। बता दें कि नितिन एक शातिर अपराधी है, जिस पर 30 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। वह गैंगस्टर एक्ट में वांछित था और उस पर 20 हजार रुपये का इनाम घोषित था।

लग्जरी कार से आए गौकशों से भिड़ंत:

थाना बुढाना पुलिस और XUV कार सवार बदमाशों के बीच मंदवाडा मार्ग पर मुठभेड़ हुई। कार सवार बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग की, जिसमें शातिर गौकश सोनू उर्फ भूरा घायल हो गया। पुलिस ने उसके साथी मोबीन को भी कॉम्बिंग के दौरान गिरफ्तार कर लिया। इनके पास से गौकशी के उपकरण और अवैध हथियार बरामद हुए हैं। सोनू पर करीब एक दर्जन गंभीर मामले दर्ज हैं।

हाईवे लुटेरा गिरोह का पर्दाफाश:

रात के अंधेरे में थाना शाहपुर पुलिस की कुटबा नहर पुलिया पर मैक्सिमा टेम्पो सवार चोरों से मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ में दो बदमाश जफर और मोनू उर्फ इशरार (दोनों निवासी मेरठ) गोली लगने से घायल हुए। इनके पास से पुलिस ने 2 लाख रुपये कीमत की जस्ते की 17 प्लेटें और अवैध असलहे बरामद किए हैं। जफर पर डेढ़ दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।

पुलिस का संदेश: अपराध छोड़ें या जेल जाएं

मुजफ्फरनगर पुलिस के आला अधिकारियों (एएसपी सिद्धार्थ मिश्रा, सीओ मंडी राजू कुमार साव और सीओ गजेंद्र पाल सिंह) ने स्पष्ट किया कि जनपद में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। सभी घायल बदमाशों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उनके आपराधिक इतिहास को खंगालते हुए कठोर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

मुख्य बरामदगी एक नजर में:

  • गिरफ्तार बदमाश: 06 (05 घायल)
  • अवैध असलहे: 05 तमंचे, भारी मात्रा में कारतूस।
  • बरामद वाहन: XUV कार, मोटरसाइकिल, मैक्सिमा टेम्पो।
  • माल: 17 जस्ते की प्लेटें (कीमत ₹2 लाख)।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest News

Gold and Silver price

Share Market