Home » मुजफ्फरनगर » “मोबाइल छोड़ो, किताबों से नाता जोड़ो… नन्हे कदमों ने जगाई बड़ी चेतना

“मोबाइल छोड़ो, किताबों से नाता जोड़ो… नन्हे कदमों ने जगाई बड़ी चेतना

Facebook
X
WhatsApp

मुज़फ्फरनगर : बढ़ती मोबाइल लत और उसके दुष्परिणामों के खिलाफ गुरुवार को शहर की सड़कों पर एक सकारात्मक और प्रेरक संदेश गूंजा। श्री गिरधारी लाल जैन मेमोरियल पब्लिक स्कूल द्वारा आयोजित “मोबाइल से मुक्ति, स्वस्थ, संस्कारित और उज्ज्वल भविष्य की ओर” थीम पर विशाल जागरूकता रैली ने जनमानस का ध्यान आकर्षित किया। रैली में कक्षा आठ तक के लगभग 500 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यालय के शिक्षक एवं कर्मचारीगण भी विद्यार्थियों के साथ कदम से कदम मिलाकर उपस्थित रहे।

 

गुब्बारे उड़ाकर हुआ शुभारंभ

रैली का शुभारंभ विद्यालय की निदेशक अलका जैन एवं एडमिनिस्ट्रेटिव ऑफिसर गंधर गौतम जैन ने नीले, काले और सफेद गुब्बारे उड़ाकर किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि बच्चों का स्वस्थ और संतुलित भविष्य समाज, अभिभावकों और विद्यालय की सामूहिक जिम्मेदारी है। डिजिटल अनुशासन आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बन चुका है।

प्रमुख मार्गों से निकली रैली

सुबह 10 बजे विद्यालय परिसर से शुरू हुई रैली हनुमान चौक, भगत सिंह मार्ग और शिव चौक होते हुए गोस्वामी तुलसी पार्क पर जाकर संपन्न हुई। विद्यार्थियों के हाथों में आकर्षक बैनर, पोस्टर, काले ध्वज और प्रभावशाली नारे लिखी तख्तियां थीं। बच्चे राहगीरों और दुकानदारों को मोबाइल के अत्यधिक प्रयोग से होने वाले दुष्परिणामों के बारे में पर्चे वितरित कर रहे थे। हस्ताक्षर अभियान के माध्यम से नागरिकों से यह संकल्प भी दिलवाया गया कि वह छोटे बच्चों को अनावश्यक मोबाइल उपलब्ध नहीं कराएंगे और उनके विकास के लिए समय व संस्कार देंगे।

नारों ने खींचा सबका ध्यान

रैली के दौरान गूंजे नारे —

“मोबाइल छोड़ो, किताबों से नाता जोड़ो”,

“स्वस्थ बचपन – उज्ज्वल भविष्य”,

“मम्मी पापा दूर हैं — मोबाइल का कसूर है”,

“परिवार हमारा कहाँ गया… मोबाइल उसको खो गया” —

ने पूरे क्षेत्र का माहौल जागरूकता से भर दिया।

गणमान्य लोगों की रही उपस्थिति

कार्यक्रम में नगर के कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे, जिनमें  विश्वदीप गोयल, प्रदेश वरिष्ठ मंत्री शिशु कांत गर्ग (अधिवक्ता), रमा नगर की पूर्व पंचायत अध्यक्षा सहित अनेक प्रतिष्ठित व्यक्ति शामिल रहे। समापन समारोह का संचालन भूपेंद्र शर्मा ने किया।

भावुक अपील और प्रतीकात्मक संकल्प

विशेष आकर्षण बच्चों द्वारा अपने अभिभावकों के नाम लिखा गया भावुक पत्र रहा, जिसमें उन्होंने अनावश्यक मोबाइल न देने और अधिक समय व स्नेह देने का निवेदन किया। रैली के अंत में बच्चों ने प्रतीकात्मक रूप से मोबाइल को डस्टबिन में डालकर यह संकल्प लिया कि वे मोबाइल का सीमित उपयोग करेंगे और अपना समय अध्ययन एवं रचनात्मक कार्यों में लगाएंगे।

पुलिस प्रशासन का सहयोग

रैली की सफलता में स्थानीय पुलिस प्रशासन का भी पूर्ण सहयोग रहा, जिसके लिए विद्यालय प्रशासन ने आभार व्यक्त किया। विद्यालय निदेशक अलका जैन ने कहा कि यदि समाज, अभिभावक और विद्यालय मिलकर प्रयास करें, तो बच्चों को मोबाइल की लत से बचाया जा सकता है। यह रैली उसी दिशा में उठाया गया एक महत्वपूर्ण और प्रेरणादायी कदम है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest News

Gold and Silver price

Share Market