मुज़फ्फरनगर: किडनी रोगों से जूझ रहे मरीजों के लिए राहत भरी खबर है। मैक्स सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल वैशाली ने मुज़फ्फरनगर के उत्रेजा मेडिकल सेंटर में अपनी डेडिकेटेड नेफ्रोलॉजी एवं किडनी ट्रांसप्लांट ओपीडी सेवाओं की शुरुआत कर दी है। इस नई पहल से अब जिले के मरीजों को विशेषज्ञ परामर्श और उन्नत उपचार विकल्पों के लिए महानगरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।
विशेष ओपीडी सेवा का शुभारंभ मैक्स वैशाली के नेफ्रोलॉजी विभाग के सीनियर कंसल्टेंट डॉ. अभिनव कत्याल की उपस्थिति में किया गया। डॉ. कत्याल अब प्रत्येक शनिवार दोपहर 12 से दो बजे तक उत्रेजा मेडिकल सेंटर में उपलब्ध रहेंगे। यहां वे मरीजों की प्रारंभिक जांच, विशेषज्ञ कंसल्टेशन और फॉलो-अप सेवाएं प्रदान करेंगे।
इस अवसर पर डॉ. कत्याल ने कहा कि किडनी फेलियर और क्रॉनिक किडनी डिजीज (सीकेडी) के मामलों में लगातार वृद्धि हो रही है। इसका मुख्य कारण समय पर सही डायग्नोसिस न हो पाना और उपचार में देरी है। उन्होंने बताया कि कई मामलों में किडनी ट्रांसप्लांट ही अंतिम समाधान रह जाता है, ऐसे में जरूरी है कि मरीजों को एडवांस ट्रीटमेंट ऑप्शंस की जानकारी समय रहते मिले।
उन्होंने कहा कि इस ओपीडी सेवा का उद्देश्य विशेषज्ञ इलाज को मुज़फ्फरनगर के लोगों के और करीब लाना है, ताकि मरीजों को समय पर उपचार और नियमित फॉलो-अप मिल सके। हमारी प्राथमिकता अर्ली डिटेक्शन, पर्सनलाइज्ड ट्रीटमेंट प्लान और लॉन्ग-टर्म मैनेजमेंट पर रहेगी, जिससे मरीजों को बेहतर और स्थायी परिणाम मिल सकें।
शहर और आसपास के क्षेत्रों में रीनल फेलियर के बढ़ते मामलों को देखते हुए मैक्स वैशाली की यह पहल स्वास्थ्य सेवाओं की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। इससे स्थानीय स्तर पर ही गुणवत्तापूर्ण और विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाओं तक आसान पहुंच सुनिश्चित होगी।




