Home » मुजफ्फरनगर » सामने आई ट्रैक्टर-ट्रॉली, बचाने के प्रयास में खाई में पलटी बस

सामने आई ट्रैक्टर-ट्रॉली, बचाने के प्रयास में खाई में पलटी बस

Facebook
X
WhatsApp

मुजफ्फरनगर: जनपद के तितावी थाना क्षेत्र में उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब तितावी शुगर मिल के समीप अचानक एक बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के बाद सड़क पर चीख-पुकार मच गई और राहगीरों की भीड़ जुट गई। देखते ही देखते घटनास्थल पर बचाव कार्य शुरू हो गया।

शनिवार को उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम की बस शामली से मुजफ्फरनगर की ओर आ रही थी। बस में करीब 50 यात्री सवार थे। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि मिल के पास अचानक सामने आए ट्रैक्टर ट्राली से बचने के प्रयास में चालक ने बस से नियंत्रण खो दिया, जिससे बस सड़क किनारे खाई में पलट गई। बस के पलटते ही यात्रियों में चीख पुकार मच गया।

स्थानीय लोगों ने बिना समय गंवाए बस के अंदर फंसे यात्रियों को बाहर निकालना शुरू किया। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और हालात को संभाला। एहतियातन सभी यात्रियों की स्वास्थ्य जांच कराई गई। राहत की बात यह रही कि किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं मिली, हालांकि कई यात्रियों को हल्की चोटें आईं। घटना के बाद कुछ देर के लिए यातायात प्रभावित रहा, जिसे पुलिस ने सुचारु कराया। पूरे मामले की जांच की जा रही है और संबंधित वाहन चालक की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।

यह हादसा भले ही बड़ा रूप नहीं ले सका, लेकिन कुछ पल के लिए हर किसी की सांसें थम गईं। सावधानी और तत्परता ने संभावित बड़ी त्रासदी को टाल दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest News

Gold and Silver price

Share Market