मुजफ्फरनगर: बघरा ब्लॉक के ग्राम छतेला में आंगनवाड़ी भर्ती प्रक्रिया विवादों के घेरे में आ गई है। भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाते हुए भारतीय जनता पार्टी के अनुसूचित (SC) मोर्चा के मंडल अध्यक्ष विक्की कुमार ने अपने पद और पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने सीधे तौर पर विभाग के अधिकारियों पर चयन के बदले मोटी रकम मांगने के आरोप लगाए हैं।

क्या है पूरा मामला:
ग्राम छतेला निवासी विक्की कुमार का कहना है कि उन्होंने अपनी पत्नी प्रीति का आवेदन आंगनवाड़ी सहायिका पद के लिए किया था। विक्की का आरोप है कि सीडीपीओ (CDPO) संतोष शर्मा ने चयन प्रक्रिया के नाम पर 70 हजार रुपये की मांग की। विक्की ने दावा किया है कि उनकी पत्नी प्रीति स्नातक (ग्रेजुएशन) पास हैं और सबसे योग्य थीं, लेकिन पैसे न देने के कारण उन्हें दरकिनार कर दिया गया।
अपात्र का चयन: आरोप है कि नियम-कायदों को ताक पर रखकर एक ऐसी महिला का चयन कर लिया गया, जिसके पास आवश्यक शैक्षिक योग्यता भी नहीं थी।
अपनी ही सरकार में भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं:
भाजपा एससी मोर्चा के मंडल अध्यक्ष विक्की कुमार ने रोष प्रकट करते हुए कहा कि लंबे समय से पार्टी की सेवा कर रहे हैं। उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि ‘‘यदि हमारी अपनी सरकार में ही अधिकारी खुलेआम रिश्वतखोरी कर रहे हैं और पात्र कार्यकर्ताओं की सुनवाई नहीं हो रही, तो ऐसे पद पर बने रहने का कोई औचित्य नहीं है।” इसी नाराजगी के चलते उन्होंने जिला अध्यक्ष अजय सागर को अपना इस्तीफा भेज दिया है। पत्र में उन्होंने व्यक्तिगत कारणों का हवाला देते हुए खुद को पार्टी के सभी दायित्वों से मुक्त करने की बात कही है।
प्रशासनिक चुप्पी और बढ़ता आक्रोश:
इस मामले ने अब राजनीतिक तूल पकड़ लिया है। एक तरफ जहां मंडल अध्यक्ष के इस्तीफे से संगठन के भीतर खलबली मची है, वहीं दूसरी ओर संबंधित विभाग के अधिकारियों ने अभी तक इन आरोपों पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है। क्षेत्र के ग्रामीणों में इस कथित धांधली को लेकर भारी आक्रोश है और निष्पक्ष जांच की मांग उठ रही है।




