Home » मुजफ्फरनगर » परीक्षा की घड़ी और मौत से जंग, 108 एंबुलेंस कर्मियों ने छात्रा समेत तीन लोगों की बचाई जान

परीक्षा की घड़ी और मौत से जंग, 108 एंबुलेंस कर्मियों ने छात्रा समेत तीन लोगों की बचाई जान

Facebook
X
WhatsApp

मुजफ्फरनगर: जनपद में संचालित 108 आपातकालीन एंबुलेंस सेवा एक बार फिर आम जनमानस के लिए जीवनरक्षक साबित हुई है। बुधवार को जिले के अलग-अलग कोनों से आई तीन बड़ी आपातकालीन कॉल्स पर त्वरित कार्रवाई करते हुए एंबुलेंस कर्मियों ने न केवल समय पर मदद पहुंचाई, बल्कि अपनी कुशलता से लोगों को जीवनदान भी दिया। बोर्ड परीक्षा केंद्र से लेकर सड़क हादसों तक, 108 सेवा की सक्रियता चर्चा का विषय बनी हुई है।

परीक्षा के तनाव के बीच छात्रा के लिए बनी सहारा:

बुधवार सुबह शाहपुर स्थित श्री अमरनायक स्वामी राहुल राष्ट्रीय इंटर कॉलेज में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब कक्षा 10 की छात्रा कुमारी वंदना (16 वर्षीय) परीक्षा देते समय अचानक बेहोश होकर गिर पड़ी। स्कूल प्रशासन की सूचना पर तत्काल 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची। ईएमटी पंकज कुमार ने छात्रा के वाइटल्स चेक कर उसे प्राथमिक उपचार दिया, जिससे उसकी तबीयत में सुधार हुआ।

खाई में गिरे ट्रैक्टर चालक का सफल रेस्क्यू:

दोपहर के समय सलावा स्थित मेजर ध्यानचंद स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी के पास एक हादसा हुआ, जहां अनियंत्रित होकर एक ट्रैक्टर खाई में जा गिरा। हादसे में चालक राजकुमार (35 वर्षीय) ट्रैक्टर में ही फंस गया था। सूचना मिलते ही पायलट अमित कुमार और ईएमटी विकार अली एंबुलेंस लेकर पहुंचे। घायल को सुरक्षित बाहर निकालकर एंबुलेंस में ही प्राथमिक उपचार दिया गया और अस्पताल पहुंचाया गया।

सड़क हादसे में घायल वृद्ध को दिया जीवनदान:

शाम करीब छह बजे सब्जी लेकर लौट रहे 70 वर्षीय राजवीर सिंह को एक तेज रफ्तार बाइक ने टक्कर मार दी। अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उनकी जान पर बन आई थी। मौके पर पहुंची एंबुलेंस के ईएमटी कुलदीप सिंह और पायलट सागर ने सूझबूझ दिखाई और चलती एंबुलेंस में ही घायल की ड्रेसिंग कर खून बहना रोका। समय पर अस्पताल पहुंचने से वृद्ध की जान बच सकी।

108 व 102 एंबुलेंस सेवा के प्रोग्राम मैनेजर राजेश रंजन ने बताया कि 108 एंबुलेंस का उद्देश्य केवल मरीज को अस्पताल पहुंचाना नहीं, बल्कि ‘गोल्डन ऑवर’ (हादसे के बाद का पहला कीमती घंटा) में मरीज को जरूरी चिकित्सा सहायता देकर उसकी जान बचाना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest News

Gold and Silver price

Share Market