मुजफ्फरनगर: प्रधानमंत्री आवास योजना में अपात्रों को लाभ देने और भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए गए। भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक के कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट स्थित जिलाधिकारी कार्यालय पर प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने कहा कि योजना का लाभ गरीबों के बजाय दबंगों और रसूखदारों को दिया गया है।
भाकियू अराजनैतिक के ब्लॉक अध्यक्ष अंकित जावला ने नगर मजिस्ट्रेट पंकज प्रकाश राठौर को ज्ञापन सौंपते हुए आरोप लगाया कि मिलना रोड, नियाजूपुरा रोड और रामपुरी-लद्घावाला क्षेत्रों में प्रधानमंत्री आवास योजना के लिए जो सर्वे कराया गया था, उसमें नियमों की धज्जियां उड़ाई गई हैं। आरोप लगाया कि एक पटवारी द्वारा कथित तौर पर एक निजी व्यक्ति को काम पर रखा है। पटवारी के सभी सरकारी कार्य यही ‘प्राइवेट’ व्यक्ति देखता है और आवास योजना के सर्वे भी इसी ने किए हैं। इसी साठगांठ के चलते वास्तविक पात्र लोग योजना से वंचित रह गए और अपात्रों को लाभ पहुँचाया गया। अंकित जावला ने कहा कि पूरी योजना भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ चुकी है। उन्होंने मांग की है कि दोषी अधिकारियों और बिचौलियों के खिलाफ कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाए। पूरे सर्वे की निष्पक्ष जांच कराकर अपात्रों के चयन को निरस्त किया जाए। वास्तविक गरीबों और पात्रों को तुरंत योजना का लाभ दिया जाए। संगठन ने ज्ञापन के साथ पात्र व्यक्तियों के दस्तावेजों की छाया प्रति भी संलग्न की है, ताकि दूध का दूध और पानी का पानी हो सके। कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही इस मामले में कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई, तो संगठन बड़े स्तर पर आंदोलन के लिए बाध्य होगा। इस दौरान मंडल महासचिव विपिन त्यागी, जिला उपाध्यक्ष कपिल बालियान, जिला सचिव राजीव सहरावत, मंडल सचिव नौशाद, तरुण सहरावत, हारून आदि मौजूद रहे।




