Home » अपराध » ढेर होते-होते बचा कुख्यात विक्की त्यागी का बेटा ‘रक्षित’, मुठभेड़ में पुलिस की गोलियों से छलनी हुए पैर

ढेर होते-होते बचा कुख्यात विक्की त्यागी का बेटा ‘रक्षित’, मुठभेड़ में पुलिस की गोलियों से छलनी हुए पैर

Facebook
X
WhatsApp

–मौत का सामान लेकर जा रहे गैंगस्टर पुत्र और उसके साथी को पुलिस ने संधावली अंडरपास पर घेरा, ताबड़तोड़ फायरिंग के बाद गिरफ्तारी

मुजफ्फरनगर: सिविल लाइंस थाना पुलिस ने रविवार की काली रात में अपराध की दुनिया के एक बड़े नाम के वारिस का घमंड चूर-चूर कर दिया। पश्चिमी यूपी में कभी आतंक का पर्याय रहे कुख्यात विक्की त्यागी का बेटा रक्षित त्यागी उर्फ दक्ष अपने साथी ऋतिक त्यागी उर्फ गोलू निवासी ग्राम भूमि थाना सरूरपुर जनपद मेरठ के साथ पुलिस की जवाबी फायरिंग में लहूलुहान होकर सलाखों के पीछे पहुंच गया। वह मौत के सामान की तस्करी करने जा रहा था।

भागते बदमाशों पर बरसीं पुलिस की गोलियां:

रात के अंधेरे में जब मुजफ्फरनगर बाईपास पर सन्नाटा था, तब संधावली अंडरपास के पास पुलिस और बदमाशों के बीच गोलियों की तड़तड़ाहट गूंज उठी। बिना नंबर की नेक्सन कार में सवार रक्षित त्यागी और उसके साथी ऋतिक त्यागी ने जब पुलिस की घेराबंदी देखी, तो मौत के डर से गाड़ी खेतों में घुसा दी। पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग करते हुए इन बदमाशों ने भागने की हिमाकत की, लेकिन प्रभारी निरीक्षक आशुतोष कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने अदम्य साहस दिखाते हुए बदमाशों की फायरिंग रेंज में घुसकर उन्हें घुटनों पर ला दिया।

इंदौर से मंगाया था ‘मौत का सामान’:

पकड़े गए इन तस्करों का कनेक्शन सीधे मध्य प्रदेश के इंदौर से निकला है। ये शातिर अपराधी वहां से कौड़ियों के दाम पर पिस्टल और तमंचे लाकर मुजफ्फरनगर और आसपास के जिलों में ‘मौत’ बांटने का धंधा कर रहे थे। पुलिस ने इनके कब्जे से चार पिस्टल, दो तमंचे और भारी मात्रा में कारतूस बरामद किए हैं।

अपराध का ‘खानदानी’ इतिहास: रक्षित पर दर्ज हैं कई मुकदमे:

रक्षित त्यागी कोई साधारण बदमाश नहीं है, बल्कि वह विक्की त्यागी के जुर्म की विरासत को आगे बढ़ा रहा था। उस पर गैंगस्टर एक्ट के दो बार, हत्या के प्रयास, रंगदारी और जान से मारने की धमकी, सरकारी कार्य में बाधा और आर्म्स एक्ट सहित मुजफ्फरनगर के थानों में मुकदमों की लंबी फेहरिस्त दर्ज है। वह थाना सिविल लाइन का वांछित अपराधी भी था। जनपद में इसके खिलाफ विभिन्न थानों में 12 मुकदमे दर्ज है। जबकि देहरादून और मेरठ के मिलकर कुल 15 मुकदमे दर्ज है।

सोशल मीडिया के माध्यम से होती है तस्करी: 

एसपी सिटी सत्यनारायण प्रजापत ने बताया कि रक्षित त्यागी निवासी पावटी थाना चरथावल चिन्हित माफिया मीनू त्यागी के गैंग का भी सक्रिय सदस्य है। ये लोग आसपास के जनपदों में गैंग बनाकर वर्चस्व की लड़ाई करने वाले लोगों को हथियारों की सप्लाई करते है। फेसबुक, इंस्टाग्राम और व्हाट्सएप के जरिए कॉन्टेक्ट बनाकर काम करते है। इंदौर में किस व्यक्ति या गैंग से ये लोग हथियार खरीदते है, इसकी जांच शुरू कर दी गई है। पिछले दिनों ही तीन युवक इस गैंग के पकड़े गए थे। उनके पास से भी अवैध हथियार बरामद हुए थे।

अपराध से अर्जित संपत्ति की जांच, खंगाला जा रहा मोबाइल डेटा: 

रक्षित त्यागी द्वारा अपराध से अर्जित की गईसपत्ति की जांच की जा रही है। साथ ही इसके मोबाइल में मिले डाटा को भी खंगाला जा रहा है। इसके गैंग से जुड़े सभी सदस्यों को सूचीबद्ध करके कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। एसपी सिटी ने बताया कि इसके गैंग के सदस्य खुद भी कई जगह पर फायरिंग की वारदात कर चुके है। एक जगह रक्षित ने भी फायरिंग की थी। काफी समय के बाद रक्षित पुलिस के हत्थे चढ़ा है। इससे पहले जब भी इसका नाम किसी मामले में आता था, तो यह सरेंडर कर देता था।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest News

Gold and Silver price

Share Market