मुजफ्फरनगर: तितावी थाना पुलिस ने युवक पर जानलेवा हमला करने और धमकी देने के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों में किसान नेता पूरन सिंह का बेटा और उसका ड्राइवर भी शामिल है। पुलिस ने यह गिरफ्तारी नसीरपुर बिजली घर के पास से की है। युवक की मां ने थाने पर पूरन सिंह समेत सात नामजद लोगों पर मुकदमा दर्ज कराया था।
क्या है पूरा मामला?
यह विवाद छह मार्च को ग्राम नसीरपुर में शुरू हुआ। पीड़िता ओमवती द्वारा दी गई तहरीर के अनुसार, सुबह लगभग नौ बजे उनका बेटा दुष्यंत गाय लेकर जा रहा था। रास्ते में किसान नेता पूरन सिंह की गाड़ी आने पर दुष्यंत ने गाड़ी साइड करने को कहा। आरोप है कि इस दौरान पूरन सिंह ने उसके बेटे के साथ गाली-गलौज की। विवाद ने हिंसक रूप तब लिया जब उसी दिन शाम को दुष्यंत अपनी मां की दवाई लेने डॉक्टर के पास जा रहा था। आरोप है कि दीक्षित के घर के सामने रवि, दीक्षित, नन्दू, सागर, विक्की और ड्राइवर अनिकेष ने एकराय होकर लाठी-डंडों, लोहे की रॉड, चाकू समेत अन्य धारदार हथियार से दुष्यंत पर हमला कर दिया। हमले में दुष्यंत बेहोश होकर गिर गया, जिसके बाद परिजनों ने उसे अस्पताल पहुँचाया। आरोप है कि इस दौरान पूरन सिंह ने पूरे परिवार को जान से मारने और फर्जी मुकदमे में फंसाने की धमकी भी दी।
पुलिस की कार्रवाई और गिरफ्तारी:
तितावी थानाध्यक्ष पवन चौधरी ने बताया कि शनिवार को पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर नसीरपुर बिजली घर की दीवार से महज कुछ दूरी पर घेराबंदी कर तीन आरोपियों को दबोच लिया। इनमें किसान मजदूर संगठन के अध्यक्ष पूरन सिंह का बेटा विजय प्रताप उर्फ नंदू निवासी नसीरपुर, कार चालक अनिकेष पुत्र धीर सिंह निवासी नरहेडा कला जनपद सहारनपुर और रवि पुत्र सुक्का निवासी नसीरपुर थाना तितावी शामिल है।
इन लोगों पर दर्ज किया गया था मुकदमा
थाना तितावी में ग्राम नसीरपुर निवासी किसान नेता पूरन सिंह, रवि, दीक्षित, नंदू, सागर, विक्की और अनिकेत के खिलाफ हत्या का प्रयास, दंगा, घातक हथियारों से दंगा करना समेत अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।




