मुजफ्फरनगर। जनपद के थाना तितावी क्षेत्र के गांव नसीरपुर में उपजा विवाद थमने के बजाय और गहराता जा रहा है। गाड़ी और भैंसा-बुग्गी हटाने को लेकर शुरू हुई एक मामूली कहासुनी ने अब दो पक्षों के बीच बड़े सामाजिक टकराव का रूप ले लिया है। एक ओर किसान मजदूर संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष ठाकुर पूरन सिंह ने ‘सम्मान बचाओ महापंचायत’ का बिगुल फूंका है, तो वहीं दूसरी ओर कश्यप समाज ने भी उसी दिन (14 मार्च) को नसीरपुर में ही महापंचायत करने का ऐलान कर पुलिस और प्रशासन की नींद उड़ा दी है।
क्या है पूरा मामला?
बीती छह मार्च को नसीरपुर गांव में ठाकुर पूरन सिंह और कश्यप समाज के युवक दुष्यंत के बीच विवाद हुआ था। आरोप है कि ठाकुर पूरन सिंह के बेटों और भाई ने दुष्यंत के साथ मारपीट की, जिसमें वह घायल हो गया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर ठाकुर पूरन सिंह, उनके बेटों और भाई के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर त्वरित कार्रवाई की और उनके परिजनों को जेल भेज दिया।
कश्यप समाज का सख्त रुख: “माफी नहीं तो समझौता नहीं”
गांव अलीपुर खुर्द (तिरपड़ी) में आयोजित कश्यप समाज की बड़ी पंचायत में समाज के दिग्गजों ने हुंकार भरी। वक्ताओं ने साफ कहा कि यह किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि समाज के सम्मान की लड़ाई है। उन्होंने मांग की है कि ठाकुर पूरन सिंह सार्वजनिक रूप से माफी मांगें।
बड़ा ऐलान: यदि 14 मार्च को ठाकुर पूरन सिंह पंचायत करेंगे, तो कश्यप समाज भी उसी दिन, उसी गांव में भारी संख्या में जुटकर अपनी महापंचायत करेगा। सर्वसमाज का आह्वान: कश्यप समाज ने इसे केवल अपनी बिरादरी का नहीं, बल्कि ‘सर्वसमाज’ का मुद्दा बताते हुए सभी वर्गों से समर्थन मांगा है। इस दौरान कश्यप समाज के खाप चौधरी ओमप्रकाश कश्यप, इंजीनियर देवेंद्र कश्यप, सैदपुर खुर्द के ग्राम प्रधान नीरज कश्यप, भाजपा के मंडल उपाध्यक्ष सागर कश्यप समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
ठाकुर पूरन सिंह के तीखे तेवर: “जेल भेजकर समझौता कर लिया”
वहीं, किसान नेता ठाकुर पूरन सिंह अपने रुख पर अडिग हैं। मीडिया से बातचीत में उन्होंने दो टूक कहा कि मैंने अपने बेटों को जेल भेजकर उसी दिन समझौता कर लिया था। अब माफी मांगने का सवाल ही पैदा नहीं होता। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी लड़ाई कश्यप समाज से नहीं, बल्कि पुलिस प्रशासन की एकतरफा कार्यप्रणाली से है। उनका कहना है कि पुलिस ने बिना निष्पक्ष जांच किए गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है, जो उन्हें किसानों की आवाज उठाने से रोकने की एक राजनीतिक साजिश है। इस दौरान सपा सांसद हरेंद्र मलिक, भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष नरेश टिकैत समेत अन्य गणमान्य लोगों ने पूरन सिंह के घर पहुंचकर बातचीत की।
प्रशासन के सामने बड़ी चुनौती:
एक ही दिन, एक ही गांव में दो समुदायों द्वारा महापंचायत के ऐलान ने जिले में तनाव बढ़ा दिया है। खुफिया विभाग अलर्ट पर है और तितावी क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जा रही है। ठाकुर पूरन सिंह ने इस मामले के पीछे ‘पर्दे के पीछे काम कर रहे राजनेताओं’ पर भी निशाना साधा है।
अब सबकी नजरें 14 मार्च पर टिकी हैं। क्या प्रशासन इस टकराव को टालने में सफल होगा या नसीरपुर की धरती किसी नए सियासी और सामाजिक संग्राम की गवाह बनेगी?




