Home » मुजफ्फरनगर » गैस एजेंसी या ‘ब्लैक’ की दुकान? मुजफ्फरनगर में सिलेंडर के लिए हाहाकार; भूखे पेट धूप में तप रहे उपभोक्ता!

गैस एजेंसी या ‘ब्लैक’ की दुकान? मुजफ्फरनगर में सिलेंडर के लिए हाहाकार; भूखे पेट धूप में तप रहे उपभोक्ता!

Facebook
X
WhatsApp

मुजफ्फरनगर: शहर में रसोई गैस की किल्लत ने अब हंगामे का रूप ले लिया है। गैस एजेंसियों के बाहर सुबह होते ही उपभोक्ताओं की लंबी कतारें और भारी भीड़ प्रशासन के दावों की पोल खोल रही है। शुक्रवार को कच्ची सड़क स्थित सरवट इंडेन सेवा के कार्यालय पर उपभोक्ताओं का धैर्य जवाब दे गया और उन्होंने जमकर आक्रोश जताया।

ब्लैक का गंभीर आरोप: 900 का माल 2000 में!

प्रदर्शन कर रहे उपभोक्ताओं ने एजेंसी पर बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं। उपभोक्ता साजिद हसन ने सीधा सवाल दागते हुए कहा, “एक तरफ सरकार ने गैस के दाम 60 रुपये बढ़ा दिए हैं, फिर भी आपूर्ति ठप है। ताज्जुब की बात यह है कि एजेंसी के पास बुकिंग के लिए गैस नहीं है, लेकिन हॉकर्स के पास ब्लैक में बेचने के लिए भरपूर सिलेंडर हैं।” आरोप है कि जो सिलेंडर सरकारी रेट पर 900 रुपये का मिलना चाहिए, उसे 1500 से 2000 रुपये तक में धड़ल्ले से ब्लैक किया जा रहा है।

रमजान और भीषण धूप: बेबस हुए उपभोक्ता

भीड़ में शामिल महिला उपभोक्ता फराह ने अपना दर्द बयां करते हुए कहा कि रमजान के महीने में रोजे की हालत में कड़ी धूप में खड़ा होना दूभर हो रहा है। उन्होंने बताया कि ऑनलाइन बुकिंग पोर्टल काम नहीं कर रहा और जब ऑफिस आओ तो कर्मचारी ‘कल आना’ कहकर पल्ला झाड़ लेते हैं। “न बुकिंग हो रही है, न एजेंसी मदद कर रही है। घर का चूल्हा ठंडा पड़ा है और जिम्मेदार तमाशा देख रहे हैं।”

एजेंसी का बचाव: ‘ब्लैक नहीं, पैनिक बुकिंग है वजह’:

दूसरी ओर, आरोपों के घेरे में आए सरवट इंडेन सेवा के मालिक आलम ने सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। उनका तर्क है कि जिन लोगों ने पिछले हफ्ते सिलेंडर लिया, वे दोबारा बुकिंग की कोशिश कर रहे हैं जिससे कमी दिख रही है। एक साथ हजारों कॉल्स और ट्रैफिक आने के कारण बुकिंग सिस्टम स्लो हो गया है।उन्होंने स्पष्ट किया कि एजेंसी की ओर से कोई ब्लैक नहीं किया जा रहा है।

मुख्य बिंदु जो सुर्खियां बटोर रहे हैं:

  • सर्वर की विफलता: उपभोक्ता बुकिंग के लिए घंटों फोन घुमा रहे हैं।
  • हॉकर्स की भूमिका: क्या हॉकर्स और बिचौलियों की मिलीभगत से कृत्रिम किल्लत पैदा की गई है?
  • प्रशासनिक चुप्पी: शहर में मचे इस बवाल पर अभी तक आपूर्ति विभाग की ओर से कोई ठोस कार्रवाई देखने को नहीं मिली है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest News

Gold and Silver price

Share Market