मुजफ्फरनगर: जनपद में मासूम बच्चों की अस्मत से खिलवाड़ करने वाले हैवानों के खिलाफ मुजफ्फरनगर पुलिस ने 24 घंटे के भीतर ‘इंसाफ’ की ऐसी पटकथा लिखी, जिससे बदमाशों में खौफ व्याप्त हो गया है। एसएसपी संजय कुमार वर्मा के निर्देशन में थाना खतौली और थाना छपार पुलिस ने अलग-अलग मुठभेड़ों में उन दो दरिंदों के पैरों में गोली मारकर उन्हें लंगड़ा कर दिया, जिन्होंने डेढ़ वर्षीय मासूम बच्ची से दुष्कर्म और 6 वर्षीय बालक के साथ कुकर्म जैसी जघन्य वारदातों को अंजाम दिया था।
खतौली- डेढ़ साल की मासूम से दरिंदगी करने वाला ‘पिंकू’ गिड़गिड़ाया
खतौली थाना क्षेत्र में एक रूह कंपा देने वाला मामला सामने आया था, जहाँ एक कलयुगी दरिंदे ने बिस्कुट दिलाने के बहाने डेढ़ साल की मासूम बच्ची को अपनी हवस का शिकार बनाया। वादिया की तहरीर पर तत्काल मुकदमा दर्ज कर पुलिस टीम आरोपी की तलाश में जुटी थी। 12 मार्च 2026 को थाना प्रभारी दिनेश चंद बघेल के नेतृत्व में पुलिस टीम पमनावली चौकी क्षेत्र में सघन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति पुलिस को देखकर अचानक पीछे मुड़ा और तेज गति से भागने लगा। शक होने पर पुलिस ने उसे रुकने की चुनौती दी, तो आरोपी पिंकू उर्फ टिंकू पुत्र ईश्वर निवासी ग्राम मौहद्दीनपुर, खतौली जंगल की तरफ दौड़ पड़ा। पुलिस ने घेराबंदी की तो बदमाश ने जान से मारने की नियत से पुलिस टीम पर सीधा फायर झोंक दिया। पुलिस टीम बाल-बाल बची और जवाबी चेतावनी दी, लेकिन बदमाश फायरिंग करता रहा। आत्मरक्षार्थ पुलिस ने सूक्ष्म जवाबी फायरिंग की, जिसमें गोली पिंकू के पैर में लगी और वह वहीं गिर पड़ा। इसके कब्जे से तमंचा और दो कारतूस बरामद हुए। गोली लगते ही पिंकू गिड़गिड़ाने लगा। पुलिस के सामने हाथ जोड़कर माफी मांगी।
छपार- छह वर्षीय बालक से कुकर्म करने वाला ‘सुक्रमपाल’ को भी चखाया पीतल:
थाना छपार क्षेत्र में 11 मार्च की रात छह वर्षीय बालक के साथ कुकर्म की घृणित घटना हुई। पुलिस ने सर्च ऑपरेशन चलाकर बच्चे को बरामद किया और उसकी आपबीती सुनने के बाद आरोपी के खिलाफ पॉक्सो और एससी/एसटी एक्ट की संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसकी गिरफ्तारी के लिए जाल बिछाया। 12 मार्च को मुखबिर की सटीक सूचना मिली कि आरोपी सुक्रमपाल पुत्र सोहरण निवासी ग्राम बढेडी, छपार कहीं बाहर भागने की फिराक में ग्राम रेई मार्ग से आने वाला है। थानाध्यक्ष मोहित कुमार के नेतृत्व में पुलिस ने रेई कट पर घेराबंदी की। तभी एक संदिग्ध पैदल आता दिखा, जिसे रुकने का इशारा किया गया। आरोपी सुक्रमपाल पुलिस को देखते ही गन्ने (ईंख) के खेत में घुस गया और पुलिस टीम पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस टीम ने साहस का परिचय देते हुए फायरिंग रेंज में घुसकर आत्मरक्षार्थ जवाबी फायरिंग की, जिसमें सुक्रमपाल के पैर में गोली लगी और वह घायल होकर गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी पहले भी नई मंडी थाने से जेल जा चुका है।
बदमाशों को मुजफ्फरनगर पुलिस की खुली चेतावनी:
इन दोनों मुठभेड़ों ने यह साफ कर दिया है कि मुजफ्फरनगर में अब मासूमों की सुरक्षा से समझौता नहीं होगा। एसएसपी संजय कुमार वर्मा के नेतृत्व में पुलिस ने दरिंदों को उनके अंजाम तक पहुँचाकर जनता का विश्वास जीता है। घायल बदमाशों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उनके विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई जारी है।




