मुजफ्फरनगर: जनपद में अवैध चिकित्सा संस्थानों और झोलाछाप डॉक्टरों के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग ने अपनी कमर कस ली है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) डॉ. सुनील तेवतिया के कड़े रुख के बाद, शुक्रवार को शाहपुर कस्बे में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए हड़कंप मचा दिया। अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विपिन कुमार के नेतृत्व में चली इस छापेमारी में मानकों की धज्जियां उड़ा रहे पांच केंद्रों को मौके पर ही सील कर दिया गया।
इन सेंटरों पर लटका विभाग का ताला:
जांच के दौरान टीम ने पाया कि कई पैथोलॉजी लैब और एक्स-रे सेंटर बिना किसी वैध लाइसेंस या तकनीकी मानकों के संचालित हो रहे थे। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए निम्नलिखित संस्थानों को सील किया:
- कुमार पैथोलॉजी लैब (बुढ़ाना रोड, शाहपुर)
- गौरी पैथोलॉजी लैब सर्विस (बस्सी रोड, शाहपुर)
- सिंगल पैथोलॉजी लैब की लैबोरेट्री यूनिट
- कृष्ण फिजियोथैरेपी क्लिनिक (संचालित एक्स-रे केंद्र)
- न्यू जीवन क्लिनिक इलेक्ट्रोपैथी सेंटर (एक्स-रे मशीन कक्ष)
रडार पर अन्य अस्पताल: नोटिस जारी:
सिर्फ सीलिंग ही नहीं, बल्कि अनियमितताएं पाए जाने पर कई प्रतिष्ठित सेंटरों को कारण बताओ नोटिस भी जारी किया गया है। निर्धारित समय में संतोषजनक स्पष्टीकरण न मिलने पर इन पर भी गाज गिर सकती है:
- न्यू हेल्थ केयर डायग्नोस्टिक
- अहमद हॉस्पिटल, शाहपुर
- रॉयल पैथोलॉजी लैब (बस्सी रोड)
- लाइफ लाइन हॉस्पिटल (बस्सी रोड)
शटर गिराकर भागे संचालक:
जैसे ही स्वास्थ्य विभाग की टीम शाहपुर कस्बे में दाखिल हुई, अवैध संचालकों में भगदड़ मच गई। कई लैब और क्लीनिक संचालक आनन-फानन में शटर गिराकर मौके से फरार हो गए। हालांकि, टीम ने पूरी मुस्तैदी दिखाते हुए संदिग्ध केंद्रों को चिह्नित किया और अपनी कार्रवाई पूरी की। इस दौरान टीम में शाहपुर चिकित्सा अधीक्षक डॉ. ओपी जायसवाल और पाकेश कुमार (स्टेनो) मौजूद रहे।
“जनपद में अवैध रूप से संचालित किसी भी क्लिनिक या लैब को बख्शा नहीं जाएगा। आम जनता के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ यह अभियान निरंतर जारी रहेगा।” — डॉ. विपिन कुमार, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी




