मुजफ्फरनगर: जल जीवन मिशन के अंतर्गत ग्राम जागाहेडी में “जल अर्पण 2026” कार्यक्रम का उत्साहपूर्वक आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में शुद्ध पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करना और जल संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता फैलाना रहा। कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ मुख्य अतिथि जिला पंचायत सदस्य बिल्लू चौधरी, ग्राम प्रधान मानसिंह चौधरी और जल निगम के सहायक अभियंता अंकित कुमार ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया।

जल और पर्यावरण का अटूट रिश्ता:
कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने जल की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए अपने विचार साझा किए। ग्राम प्रधान मानसिंह चौधरी ने कहा कि जल ही जीवन है, इसलिए इसका सदुपयोग करना हमारा नैतिक कर्तव्य है। विशेषकर युवाओं और छात्र-छात्राओं को यह समझना होगा कि जल को व्यर्थ बहाना भविष्य के संकट को निमंत्रण देना है।
जिला पंचायत सदस्य बिल्लू चौधरी ने कहा कि ऐसे आयोजन न केवल गांव बल्कि देश और प्रदेश की शोभा बढ़ाते हैं। स्वच्छ जल ही स्वस्थ जीवन का आधार है। बिना जल के जीवन की कल्पना भी संभव नहीं है, अतः इसकी हर बूंद अनमोल है।

पर्यावरण संरक्षण की पहल:
केवल जल ही नहीं, बल्कि प्रकृति के संतुलन के लिए अतिथियों ने वृक्षारोपण भी किया। सहायक अभियंता अंकित कुमार और अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया और ग्रामीणों को अधिक से अधिक पेड़ लगाने के लिए प्रेरित किया।
इनकी रही गरिमामयी उपस्थिति:
इस अवसर पर जल निगम के जिला समन्वयक मानेंद्र कुमार, सचिन पुंडीर, मांगेराम, अभिषेक और इमरान कुरैशी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी ने जल को बचाने और गांव को स्वच्छ रखने की शपथ ली।




