Home » अपराध » खाद के नाम पर ‘करोड़ों’ का खेल: पुलिस ने दबोचा 25 हजारी इनामी ठग, सऊदी से लौटते ही चढ़ा हत्थे

खाद के नाम पर ‘करोड़ों’ का खेल: पुलिस ने दबोचा 25 हजारी इनामी ठग, सऊदी से लौटते ही चढ़ा हत्थे

Facebook
X
WhatsApp

मुजफ्फरनगर: थाना सिविल लाइंस पुलिस ने करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले एक शातिर अंतर्राज्यीय ठग को गिरफ्तार कर बड़ी कामयाबी हासिल की है। आरोपी ‘स्टेप फार्मिंग इंडिया प्राइवेट लिमिटेड’ नाम की कंपनी बनाकर भोले-भाले किसानों और लोगों को जैविक वर्मी कम्पोस्ट खाद के नाम पर चूना लगा रहा था। पुलिस ने आरोपी के पास से लैपटॉप, मोबाइल और पासपोर्ट समेत कई अहम चीजें बरामद की हैं।

विदेशी सरजमीं भी न बचा सकी पुलिस की पहुंच से:

पकड़ा गया शातिर ठग हाजी इकराम निवासी मांझीपुर जिला सहारनपुर पुलिस की गिरफ्तारी से बचने के लिए पिछले काफी समय से सऊदी अरब भाग गया था। पुलिस की टीमें लगातार उसकी तलाश में थीं, जिस कारण उस पर 25 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था। वह जैसे ही ईद के मौके पर वापस लौटा और मुजफ्फरनगर के मॉल रोड से गुजर रहा था, पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर उसे दबोच लिया।

ठगी का हाईटेक जाल: करोड़ों का साम्राज्य

जांच में सामने आया कि हाजी इकराम अपने साथियों (जुनैद और खालिद, जो पहले ही जेल जा चुके हैं) के साथ मिलकर फर्जी कंपनी चलाता था। वे लोगों को जैविक खाद बनाने की यूनिट लगाने और भारी मुनाफे का लालच देकर निवेश कराते थे। जब लोग अपना पैसा वापस मांगते, तो उन्हें जान से मारने की धमकी दी जाती थी।

अपराध का काला कच्चा चिट्ठा:

गिरफ्तार ठग हाजी इकराम पर उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के विभिन्न जिलों में गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। मुजफ्फरनगर के थाना सिविल लाइंस और नई मंडी कोतवाली में करोड़ों की ठगी के मुकदमे दर्ज हैं। जनपद सहारनपुर के थाना चिलकाना, सदर बाजार और बेहट में जालसाजी के मामले दर्ज है। हरिद्वार के रुड़की में धोखाधड़ी और साजिश का मुकदमा दर्ज है।

ठग से यह हुई बरामदगी:

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से धोखाधड़ी में इस्तेमाल होने वाला सामान बरामद किया है। इनमें एक लैपटॉप (जिसमें ठगी का डेटा होने की संभावना है), तीन मोबाइल फोन, पांच सिम कार्ड (विभिन्न कंपनियों के) और एक पासपोर्ट शामिल है।

गिरोह की जांच में जुटी पुलिस, खंगाली जा रही कुंडली:

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के निर्देशन में इस सफल ऑपरेशन को अंजाम देने वाली टीम में थाना प्रभारी सिविल लाइन आशुतोष कुमार, उपनिरीक्षक रेशमपाल सिंह, कृष्ण कपूर और कांस्टेबल ब्रह्मदेव, अरविंद कुमार व लोकेंद्र कुमार शामिल रहे। पुलिस अब आरोपी के फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज (संपर्कों) की गहनता से जांच कर रही है, ताकि इस गिरोह की जड़ों तक पहुंचा जा सके। पूरी कुंडली खंगाली जा रही है।

सावधान रहें: एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने अपील की है कि सभी लोग किसी भी लुभावनी स्कीम या बिना जांच-परख वाली कंपनियों में निवेश करने से पहले सावधानी बरतें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest News

Gold and Silver price

Share Market