Home » मुजफ्फरनगर » स्वास्थ्य विभाग का बड़ा एक्शन: ‘जीवन दाता’ हॉस्पिटल सील, ‘अपेक्स’ को नोटिस

स्वास्थ्य विभाग का बड़ा एक्शन: ‘जीवन दाता’ हॉस्पिटल सील, ‘अपेक्स’ को नोटिस

Facebook
X
WhatsApp

मुजफ्फरनगर: जनपद में अवैध और मानकों के विपरीत चल रहे निजी अस्पतालों पर स्वास्थ्य विभाग ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) डॉ. सुनील तेवतिया के निर्देशन में गुरुवार को उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अजय कुमार ने नगरीय क्षेत्रों में औचक निरीक्षण किया। इस कार्रवाई के दौरान एक अस्पताल को सील कर दिया गया, जबकि दूसरे को गंभीर लापरवाही पर नोटिस जारी किया गया है।

जीवन दाता हॉस्पिटल: बिना पंजीकरण के चल रहा था अस्पताल

निरीक्षण टीम सबसे पहले कुकड़ा रोड अलमासपुर चौक स्थित जीवन दाता हॉस्पिटल पहुंची। जांच में अस्पताल के पास संचालन के लिए कोई वैध पंजीकरण नहीं मिला। मौके पर न तो कोई पंजीकृत चिकित्सक मिला और न ही अस्पताल के पास कोई अनिवार्य अभिलेख उपलब्ध थे। नियमों के गंभीर उल्लंघन को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने अस्पताल को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया है।

अपेक्स हॉस्पिटल: मासूमों की जान से खिलवाड़

इसके बाद टीम ने अपेक्स हॉस्पिटल का रुख किया, जहां स्थिति बेहद चिंताजनक पाई गई। यहां सात बच्चे भर्ती थे, लेकिन उनकी देखभाल के लिए कोई विशेषज्ञ डॉक्टर मौजूद नहीं था। पंजीकृत चिकित्सक डॉ. अभिषेक यादव एक अप्रैल से अस्पताल से नदारद थे। अस्पताल में कोई बाल रोग विशेषज्ञ पंजीकृत नहीं पाया गया। छह अप्रैल के बाद से किसी भी विशेषज्ञ ने अस्पताल का दौरा नहीं किया था। बच्चों को बिना किसी डॉक्टरी देखरेख के भर्ती रखा गया था, जो उनके जीवन के साथ बड़ा खिलवाड़ है।

विभाग की सख्त कार्रवाई और निर्देश:

डिप्टी सीएमओ डॉ. अजय कुमार ने अपेक्स हॉस्पिटल को ‘कारण बताओ नोटिस’ जारी करते हुए सख्त निर्देश दिए हैं। अस्पताल में भर्ती सभी सात बच्चों को तुरंत किसी अन्य मान्यता प्राप्त और सुरक्षित अस्पताल में शिफ्ट किया जाए।मरीजों की सुरक्षा और समुचित उपचार में कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

“मुख्य चिकित्सा अधिकारी के नेतृत्व में जिले में अवैध अस्पतालों के विरुद्ध यह अभियान निरंतर जारी रहेगा। मरीजों की सुरक्षा हमारी प्राथमिकता है और मानकों का उल्लंघन करने वाले किसी भी संस्थान को बख्शा नहीं जाएगा। -डॉ. अजय कुमार, उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest News

Gold and Silver price

Share Market