- तितावी से सोनित प्रजापति की रिपोर्ट
मुजफ्फरनगर (तितावी): विकास खंड बघरा के अंतर्गत आने वाले गांव अलीपुर में शुक्रवार की शाम एक बड़ा हादसा हो गया। जर्जर विद्युत लाइन से गिरी चिंगारी ने तीन किसान भाइयों की मेहनत पर पानी फेर दिया। इस अग्निकांड में करीब 4 बीघा गेहूं और भारी मात्रा में गन्ने की फसल जलकर राख हो गई, जिससे किसानों को लाखों रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ है।

कैसे हुआ हादसा?
मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार शाम करीब पांच बजे अलीपुर गांव के खेतों के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन के तारों में अचानक शॉर्ट सर्किट हुआ। तारों से निकली चिंगारी सीधे नीचे खड़ी सूखी गेहूं की फसल पर जा गिरी। गर्मी और खुश्क हवा के कारण आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया।
इस तरह हुआ फसल को भारी नुकसान:
आग की लपटें इतनी तेज थीं कि जब तक ग्रामीण कुछ समझ पाते, तब तक फसलें जलनी शुरू हो चुकी थीं। इस अग्निकांड में हुए नुकसान में गेहूं की करीब 4 बीघा खड़ी फसल जलकर पूरी तरह राख हो गई। गन्ने का लगभग 100 कुंतल बीज की फसल जल गई। करीब 17 बीघा गन्ने की पेड़ी भी आग की चपेट में आने से झुलस गई।
ग्रामीणों ने दिखाई हिम्मत:
धुआं उठता देख आसपास के खेतों में काम कर रहे किसान और ग्रामीणों ने दौड़ लगा दी। ग्रामीणों ने अपनी जान जोखिम में डालकर ट्यूबवेल के पानी और मिट्टी का छिड़काव कर आग पर काबू पाने की कोशिश की। काफी मशक्कत के बाद आग को और आगे फैलने से रोका जा सका, लेकिन तब तक किसान वीरेंद्र, पुष्पेंद्र और जितेंद्र (पुत्र यशपाल) की फसलें बर्बाद हो चुकी थीं।
बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप:
पीड़ित किसानों और ग्रामीणों में ऊर्जा विभाग के खिलाफ भारी रोष है। किसानों का आरोप है कि खेतों के ऊपर से गुजर रही लाइनें अत्यधिक जर्जर और तार काफी ढीले हैं। इस संबंध में विभाग को कई बार लिखित और मौखिक शिकायत दी गई, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। विभाग की इसी लापरवाही का खामियाजा आज गरीब किसानों को भुगतना पड़ा है।
प्रशासन से मुआवजे की गुहार:
घटना के बाद ग्रामीणों ने विद्युत विभाग से मांग की है कि जर्जर तारों को तुरंत बदला जाए, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके। वहीं, पीड़ित किसान परिवार ने जिला प्रशासन और तहसील अधिकारियों से गुहार लगाई है कि तत्काल मौके का सर्वे कराकर उचित मुआवजा दिलाया जाए, ताकि वे इस भारी आर्थिक संकट से उबर सकें।
“हमारी साल भर की मेहनत आंखों के सामने जलकर राख हो गई। अगर विभाग समय रहते ढीले तारों को ठीक कर देता, तो आज यह दिन न देखना पड़ता।” — पीड़ित किसान




