Home » मुजफ्फरनगर » रथेड़ी में राशन वितरण में भारी अनियमितताओं का आरोप, ग्रामीणों ने खोला मोर्चा

रथेड़ी में राशन वितरण में भारी अनियमितताओं का आरोप, ग्रामीणों ने खोला मोर्चा

Facebook
X
WhatsApp

मुजफ्फरनगर। जनपद के सदर ब्लॉक स्थित ग्राम रथेड़ी में सरकारी सस्ते गल्ले की दुकान पर राशन वितरण में धांधली और भ्रष्टाचार का बड़ा मामला सामने आया है। लंबे समय से मिल रही शिकायतों के बाद, ग्रामीणों के आक्रोश और स्थानीय हस्तक्षेप के चलते राशन डीलर की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

तीन कांटों का रहस्य: घटतौली की आशंका

ग्रामीणों का सबसे बड़ा आरोप राशन की घटतौली को लेकर है। औचक निरीक्षण के दौरान राशन डीलर अनिल कुमार की दुकान में एक नहीं, बल्कि तीन इलेक्ट्रॉनिक कांटे पाए गए।

डीलर का पक्ष: राशन डीलर का तर्क है कि सरकारी कांटे (ई-पॉस मशीन से जुड़े) में तकनीकी खराबी के कारण वजन सही नहीं आता, इसलिए दूसरे कांटों का प्रयोग किया जा रहा है।

ग्रामीणों का आरोप: ग्रामीणों का कहना है कि अतिरिक्त कांटों का उपयोग वजन कम देने के लिए किया जाता है। दुकान की अलमारी में छुपाकर रखे गए तीसरे कांटे को डीलर ने “निजी कांटा” बताकर पल्ला झाड़ने की कोशिश की।

कालाबाजारी और ‘चक्की’ का कनेक्शन:

ग्रामीण बॉबी ने बेहद गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि राशन डीलर की अपनी एक चक्की भी है। आरोप है कि गरीबों के हक का सरकारी अनाज दुकान से सीधे चक्की पर भेज दिया जाता है, जहाँ उसे पीसकर कालाबाजारी के जरिए ऊंचे दामों पर बेचा जा रहा है।

दबंगई और विभागीय मिलीभगत का डर:

जब ग्रामीणों से पूछा गया कि उन्होंने इसकी शिकायत पहले क्यों नहीं की, तो गांव वालों का दर्द छलक पड़ा। ग्रामीण कर्मवीर के अनुसार, “राशन डीलर रसूखदार व्यक्ति है। उसकी खाद्य विभाग के अधिकारियों के साथ साठगांठ है, जिसके कारण आज तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। शिकायत करने पर ग्रामीणों को ही डराया-धमकाया जाता है।”

नियमों की अनदेखी और स्थान परिवर्तन:

जांच में यह भी सामने आया कि राशन की दुकान बीते एक साल से गांव के भीतर के बजाय बाहर स्कूल के पास शिफ्ट कर दी गई है। सरकारी नियमों के विरुद्ध, नई दुकान पर राशन से संबंधित कोई भी अनिवार्य सूचना बोर्ड (स्टॉक, मूल्य सूची, हेल्पलाइन नंबर) प्रदर्शित नहीं किया गया है। पूछताछ पर डीलर ने यह कहकर बचाव किया कि वह ‘इस्तीफा’ देने वाले हैं, इसलिए बोर्ड नहीं लगवाया।

अधिकारियों की चुप्पी और कार्रवाई की मांग:

मामले की गंभीरता को देखते हुए जय समता पार्टी के नेता अमन बंसल ने मौके से ही जिला पूर्ति अधिकारी (DSO) मुजफ्फरनगर और पूर्ति निरीक्षक सदर को फोन कर स्थिति से अवगत कराया। अधिकारियों ने निरीक्षण का आश्वासन दिया।

ग्रामीणों की मांग:

  • राशन दुकान के स्टॉक की तत्काल भौतिक जांच हो।
  • चक्की और दुकान के बीच हो रही राशन की आवाजाही पर रोक लगे।
  • जिलाधिकारी मुजफ्फरनगर स्वयं इस मामले का संज्ञान लें, ताकि गरीब कार्ड धारकों को उनका पूरा हक मिल सके।

जिला पूर्ति अधिकारी हरि ओम का कहना है कि फोन पर जानकारी प्राप्त हुई है। लिखित शिकायत मिलने पर जांच कराकर विधिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest News

Gold and Silver price

Share Market