मुजफ्फरनगर: जनपद के थाना भोपा क्षेत्र के ग्राम सीकरी से शुरू हुआ धर्मांतरण और अपहरण का एक सनसनीखेज मामला अब अपने अंजाम की ओर बढ़ रहा है। पुलिस ने इस मामले में तत्परता दिखाते हुए षड्यंत्र में शामिल शेष तीन फरार आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया है। यह मामला न केवल एक व्यक्ति के जीवन को बर्बाद करने की साजिश है, बल्कि समाज में साम्प्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने का एक बड़ा प्रयास भी था।
क्या है पूरा मामला?
करीब 10-15 वर्ष पूर्व ग्राम सीकरी निवासी अफसर ने एक नाबालिग हिंदू लड़के राकेश कुमार शर्मा को बहला-फुसलाकर अगवा किया था। आरोप है कि तब से लेकर अब तक राकेश को एक ‘दास’ की तरह घर में बंधक बनाकर रखा गया। हाल ही में मुख्य आरोपी अफसर ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर राकेश का जबरन धर्म परिवर्तन कराने का षड्यंत्र रचा। साजिश के तहत उसे कस्बा भोकरहेड़ी की एक मस्जिद में नमाज पढ़वाई गई और इस पूरी घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया। पुलिस के अनुसार, इस वीडियो का उद्देश्य विभिन्न समुदायों के बीच शत्रुता, घृणा और वैमनस्य फैलाना था।
पुलिस की बड़ी कामयाबी: घेराबंदी कर दबोचे गए आरोपी
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) संजय कुमार वर्मा के निर्देशन में गठित चार टीमों ने तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज की मदद से 21 अप्रैल 2026 को तीन मुख्य वांछित आरोपियों को चौधरी चरण सिंह मार्ग (तिस्सा रजवाहे की पटरी) से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम:
- सलमान पुत्र सलीम (निवासी: ग्राम सीकरी, भोपा)
- दानिश पुत्र इस्लाम (निवासी: ग्राम चित्तौडा, जानसठ)
- अनस पुत्र इलियास (निवासी: ग्राम बिहारी, सिखेडा)
बता दें कि इस मामले में मुख्य आरोपी अफसर पहले ही पुलिस के रडार पर था। इन आरोपियों पर BNS की गंभीर धाराओं (140(4), 353(2)(3), 61(2)क) और उत्तर प्रदेश विधि विरुद्ध धर्म संपरिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम 2021 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
हिंदू संगठनो ने दी आंदोलन की चेतावनी, एसपी देहात से की मुलाकात
इस मामले को लेकर हिंदू संगठनों में भी भारी रोष व्याप्त है। आज क्रांति सेना के पदाधिकारियों का एक प्रतिनिधिमंडल एसपी देहात अक्षय सिंह से मिला। पदाधिकारियों ने इस घटना की घोर निंदा करते हुए मांग की कि दोषियों के खिलाफ ऐसी सख्त कार्रवाई की जाए जो मिसाल बने। उन्होंने पीड़ित राकेश कुमार शर्मा के पुनर्वास और उसे न्याय दिलाने की पुरजोर मांग की है।
भाकियू जिलाध्यक्ष ने पुलिस पर उठाए थे सवाल, दी थी धरने की चेतावनी:

भोपा पुलिस द्वारा इस मामले के मुख्य आरोपी अफसर की गिरफ्तारी किए जाने पर भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) के जिलाध्यक्ष नवीन राठी ने नाराजगी जताई थी। भाकियू जिलाध्यक्ष नवीन राठी ने सोशल मीडिया (एक व्हाट्सएप ग्रुप) पर पोस्ट साझा करते हुए पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने मुख्य रूप से ये बातें कही हैं:
- 10 साल से मर्जी से रहने का दावा: नवीन राठी का कहना है कि संबंधित व्यक्ति (पीड़ित राकेश कुमार शर्मा) पिछले 10 वर्षों से अपनी मर्जी से किसान अफसर अली के यहाँ रह रहा था।
- पुरानी जांच का हवाला: उन्होंने दावा किया कि 15 दिन पहले ही सीओ भोपा और एसओ भोपा ने दोनों पक्षों के बयान लिए थे और मामला शांत होने पर उसे वापस अफसर अली के साथ ही भेजा था।
- साजिश का आरोप: जिलाध्यक्ष ने आरोप लगाया कि कुछ लोग जिले का माहौल खराब करने के लिए किसान पर झूठे आरोप लगा रहे हैं।
- धरने की चेतावनी: उन्होंने पुलिस की कार्रवाई को ‘हठधर्मिता’ और ‘एकतरफा’ बताते हुए चेतावनी दी थी कि यदि यह उत्पीड़न नहीं रुका, तो भोपा थाने पर अनिश्चितकालीन धरना दिया जाएगा।
पुलिस ने सभी नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। साक्ष्यों के आधार पर कठोरतम विधिक कार्यवाही की जा रही है। किसी भी व्यक्ति को जिले की शांति व्यवस्था भंग करने की अनुमति नहीं दी जाएगी।” —अक्षय संजय, एसपी देहात, मुजफ्फरनगर।




