Home » अपराध » ब्लैकमेलिंग और टॉर्चर की भेंट चढ़ा एक और घर का चिराग: सुसाइड नोट में बयां किया दर्द— ‘मुझे इंसाफ दिलाना’

ब्लैकमेलिंग और टॉर्चर की भेंट चढ़ा एक और घर का चिराग: सुसाइड नोट में बयां किया दर्द— ‘मुझे इंसाफ दिलाना’

Facebook
X
WhatsApp

–मुझे इंसाफ दिलाना भाइयों… ब्लैकमेलिंग से तंग आकर युवक ने की खुदकुशी

–दो पन्नों के सुसाइड नोट में खुली प्रताड़ना की पोल

मुजफ्फरनगर: जनपद के थाना तितावी क्षेत्र के गांव गढ़ी देशराज में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां 27 वर्षीय युवा व्यापारी आयुष देशवाल ने मानसिक प्रताड़ना और ब्लैकमेलिंग के जाल से तंग आकर फांसी के फंदे पर लटककर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली।आयुष, जो बघरा पुलिस चौकी के सामने स्पेयर पार्ट्स की दुकान चलाता था, अपने पीछे एक ऐसा सुसाइड नोट छोड़ गया है जो किसी की भी रूह कंपा दे।

सुसाइड नोट में सिसकता दर्द: ’12 साल से हो रहा था टॉर्चर’

मौके से बरामद दो पन्नों के सुसाइड नोट में आयुष ने अपनी मौत का जिम्मेदार पाखी (बदला हुआ नाम) और उसकी मां सुनीता (बदला हुआ नाम) को ठहराया है। सुसाइड नोट के अनुसार, आयुष पिछले 12 वर्षों से प्रताड़ना झेल रहा था।

सुसाइड नोट के मुख्य और चौंकाने वाले तथ्य:

  • आर्थिक शोषण: आयुष ने लिखा है कि पाखी उससे लगातार पैसों की मांग करती थी और भारी मात्रा में कैश ले चुकी थी।
  • ब्लैकमेलिंग का जाल: सुसाइड नोट के मुताबिक, आरोपी युवती और उसकी मां उसे ‘पर्सनल फोटो’ वायरल करने की धमकी देकर डराते थे। नोट में जिक्र है कि युवती की मां ने उसे धमकाया था कि यदि उसने अंशिका को छोड़ा, तो वह उसकी फोटो वायरल कर देगी।
  • परिजनों से भी बदतमीजी: आयुष ने लिखा कि उसने अपनी मां और भाई को समझाने के लिए उनके घर भी भेजा था, लेकिन वहां उनके साथ भी ‘बदतमीजी’ की गई।
  • अंतिम इच्छा: नोट के अंत में आयुष ने पुलिस और अपने भाइयों (काशी, अभिषेक, उज्जवल) से भावुक अपील की है कि “उन्हें ऐसी सजा मिले कि वो कभी जेल से बाहर न आ पाएं।” उसने यह भी लिखा कि “मैं और टॉर्चर नहीं सह पा रहा हूँ, मुझे माफ करना।”

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़:

परिजनों के मुताबिक, रात तक सब कुछ सामान्य था। आयुष ने किसी को आभास भी नहीं होने दिया कि उसके मन में क्या चल रहा है। लेकिन जब सुबह काफी देर तक दरवाजा नहीं खुला और परिजनों ने अंदर देखा, तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। आयुष का शव पंखे से लटका हुआ था। घर का इकलौता सहारा अब इस दुनिया में नहीं था। आयुष अपने घर का इकलौता कमाने वाला सदस्य था। इसके पिता नीरज की पहले मौत हो चुकी थी। उसकी मौत के बाद मां और भाई-बहनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों के सामने अब न केवल बेटे को खोने का गम है, बल्कि आर्थिक संकट का काला साया भी मंडरा रहा है।

पुलिस की कार्रवाई:

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सीओ फुगाना यतेंद्र नागर ने बताया कि सुसाइड नोट और परिजनों द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर मामले की गहनता से जांच की जा रही है। व्हाट्सएप चैट और कॉल रिकॉर्ड्स को भी जांच के दायरे में लिया गया है।

“मेरा केस अच्छे से लड़ना… पाखी और उसकी मम्मी को जेल भिजवा देना।” — आयुष के सुसाइड नोट की अंतिम पंक्तियाँ

संपादकीय नोट: आत्महत्या किसी समस्या का समाधान नहीं है। यदि आप या आपके आसपास कोई तनाव में है, तो कृपया हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क करें या किसी भरोसेमंद व्यक्ति से बात करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest News

Gold and Silver price

Share Market